रामलाल बोले- वीरेंद्र कंवर हैं हिमाचल के लालू

बिलासपुर: प्रदेश में चुनावी साल में राजनीति पार्टियाँ चुनावी रण में उतरने के लिए पूरी तैयारी में जुटी हुई है वहीं पार्टियों की आरोप-प्रत्यारोप राजनीति भी अपने चरम पर है। हिमाचल कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के चेयरमैन एवं श्री नैनादेवी के विधायक रामलाल ठाकुर ने पंचायतीराज, कृषि, ग्रामीण विकास, पशुपालन एवं मत्स्यपालन मंत्री वीरेंद्र कंवर पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि मंत्री हिमाचल का नया लालू हैं। इनके सभी विभागों में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार हुआ है। पशुओं के नाम पर पैसा हजम किया गया। रामलाल ठाकुर ने कहा कि गोबिंदसागर झील में मछली की पैदावार बहुत कम रह गई है। चूंकि अब चुनाव के लिए महज तीन माह  का ही समय शेष बचा है। इसलिए मंत्री वीरेंद्र कंवर जल्द ही उनके आरोपों पर स्पष्टीकरण दें। रामलाल ठाकुर ने बुधवार को परिधिगृह में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा कि कोठीपुरा में पशुपालन विभाग का एक फार्म था और यह फार्म पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत परमार के समय का था। एम्स के लिए जमीन का चयन होने के बाद इस फार्म को रघुनाथपुरा में शिफ्ट करने की गुजारिश की गई, लेकिन विधानसभा में मसला उठाने के बावजूद ऐसा नहीं हो पाया और मंत्री ने अपने हलके में यह फार्म शिफ्ट कर दिया।रघुनाथपुरा में शिफ्टिंग को लेकर हवाला दिया गया कि वहां पर गत्ता फैक्ट्री के नाम से जमीन ही नहीं है। इसलिए उसे वहां पर स्थानांतरित नहीं किया जा सकता। रामलाल ठाकुर ने कहा कि जो गाय फार्म में उपलब्ध थीं, उन्हें नीलाम किया गया और कुछ गायों को आधी कीमत पर अपने चहेतों को दे दिया गया।

रामलाल ठाकुर ने कहा कि बिलासपुर जिला की गोविंदसागर झील पूरे उत्तर भारत में मछलियों की आपूर्ति करती थी। उसी झील में पिछले पांच साल से मछलियों की प्रोडक्शन घटकर मात्र दस प्रतिशत रह चुकी है और हजारों मछुआरे आज रोटी खाने को तरस रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘बाहरी राज्यों की मछली आज हिमाचल में आकर बिक रही है, लेकिन विभाग सोया पड़ा हुआ है।

उन्होंने विभाग पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि मत्स्य विभाग हर साल मछलियों का करोड़ों बीज गोविंदसागर और कोलडैम झील में डालने के दावे करता है, लेकिन वह मछली गई कहां। इससे साफ जाहिर होता है कि विभाग ने बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया है। रामलाल ठाकुर ने पशुपालन विभाग और मत्स्य विभाग में घोटालों के आरोप जडते हुए सभी मामलों की सीबीआई जांच की मांग की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed