AAP के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष निक्का पटियाल हुए कांग्रेस में शामिल, बोले- आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में बड़ा फर्क

हिमाचल: हिमाचल आम आदमी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष निक्का सिंह पटियाल और पूर्व संगठन मंत्री शेष पाल सकलानी कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। शुक्रवार को कांग्रेस कार्यालय में कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह ने निक्का सिंह पटियाल को पार्टी का पटका पहना कर शामिल करवाया।

कांग्रेस में शामिल होने के बाद निक्का पटियाल ने कहा कि आम आदमी पार्टी की कथनी और करनी में बड़ा फर्क है, जो वे कहते हैं वो करते नहीं है और 2017 से 2021 तक पार्टी के वे अध्यक्ष रहे थे और उसके बाद उन्हें दरकिनार किया गया। आम आदमी पार्टी में केवल केजरीवाल जो चाहते हैं, वही होता है। इसी वजह से उन्होंने कांग्रेस का दामन थाम लिया। दिल्ली के लोग हिमाचल में दखल दें, ये सही नहीं। उन्होंने कहा कि आप में कार्यकर्ताओं की नहीं सुनी जाती। उन्होंने कहा कि आप में नेता हाई फाई हैं, आम नहीं रहे हैं, जिसके चलते उन्होंने आप का दामन छोड़ा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जोकि बहुत पुरानी पार्टी है और देश के लिए कांग्रेस के कई नेताओं ने जान दी है, वैसी पार्टी में वे अब शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि वे अब कांग्रेस पार्टी के लिए पूरी निष्ठा के साथ काम करेंगे।

हिमाचल कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू  ने निक्का सिंह पटियाल का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया और कहा कि आम आदमी पार्टी हिमाचल के निक्का सिंह पटियाल संस्थापक रहे हैं। हिमाचल में आम आदमी पार्टी को खड़ा करने में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा है। अब आम आदमी पार्टी छोड़ कांग्रेस में शामिल हो गए हैं, उन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed