भाजपा: दीपकमल में बैठने लगे मंत्री, आज शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने सुनीं समस्याएं

शिमला: शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मंगलवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय दीपकमल में बैठकर कार्यकर्ताओं की समस्याओं को सुना और अधिकतर का मौके पर ही निस्तारण भी किया। भारद्वाज ने कहा कि अब से वह नियमित रूप से कुछ समय के लिए तय दिन में पार्टी कार्यालय में बैठेंगे। इसके लिए संगठन की ओर से सभी मंत्रियों के लिए एक व्यवस्था बना दी जाएगी।  उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से जनता के हित में बहुत से निर्णय लिए गए हैं। हाल ही में सरकार ने कर्मचारियों के कल्याण के साथ गरीब और माध्यम वर्गीय परिवारों के लिए भी कदम उठाए हैं। बिजली की दरों में राहत देने के साथ सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन में अधिक परिवारों को शामिल करने के लिए आय सीमा में परिवर्तन किया है। 

भारद्वाज ने कहा कि शिमला और साथ लगते क्षेत्रों में गृह निर्माण और विकास के अन्य प्रकल्पों के लिए शिमला विकास प्लान का ड्राफ्ट आ गया है जो जल्द ही अंतिम रूप लेगा। उन्होंने कहा कि सरकार कि तरफ से शहर को उन्नत और विकसित बनाने के लिए यह दस्तावेज तैयार किया गया है। भारद्वाज ने कहा कि स्थानीय विधायक होने के कारण वह शिमला के कार्यकर्ताओं से सचिवालय व अन्य कार्यक्रमों में नियमित मिलते रहते हैं और कोई भी कार्यकर्ता बिना किसी रुकावट से उनसे मिलता है। लेकिन जैसा कि पार्टी ने तय किया था कि मंत्री पार्टी कार्यालय में भी बैठेंगे, उसकी शुरुआत आज से हो चुकी है। उन्होंने कहा कि शिमला शहर व साथ लगते स्थानों पर नगर निगम, अम्रुत मिशन और स्मार्ट सिटी मिशन के तहत बहुत काम हुए हैं।  उन्होंने कहा कि शिमला के विभिन वार्डों में अधिसंरचना निर्माण पर बल दिया गया है।  

प्रदेश सरकार में शिक्षा, भाषा, कला एवं संस्कृति मंत्री गोविंद ठाकुर सभी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी प्रदेश मुख्यालय में दिनांक 16 फरवरी सुबह 11:00 से 1:00 बजे दोपहर तक उपलब्ध रहेंगे।

प्रदेश सरकार में ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी सभी पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी प्रदेश मुख्यालय में प्रत्येक सोमवार सुबह 11:00 से 2:00 बजे दोपहर तक उपलब्ध रहेंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed