हिमाचल प्रदेश विधानसभा सत्र : सरकार ने मुख्य सचिव खाची को हटाया, सदन में हुआ हंगामा

हिमाचल: हिमाचल प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को मुख्य सचिव अनिल कुमार खाची को बदलते हुए उनके जगह पर वरिष्ठ आईएएस अधिकारी राम सुभाग सिंह को नियुक्त किया। वहीं विधानसभा मानसून सत्र के चौथे दिन मुख्य सचिव अनिल खाची को पद से हटाने को लेकर सदन खूब गर्माया। प्रश्नकाल खत्म होने के बाद नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने मामला उठाया कि मुख्य सचिव को बदला जा रहा है। बीते दिन परमार जयंती पर हिमाचली होने की बात हो रही थी। अग्निहोत्री ने कहा कि हिमाचल का एक व्यक्ति मुख्य सचिव बना। इतने बड़े ओहदे पर पहुंचा। ऐसा क्या है कि अब मुख्य सचिव को बदला जा रहा है। विपक्ष ने सदन में विरोध किया। विधानसभा में विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शीर्ष प्रशासनिक पद पर एक ‘‘बाहरी’’ को नियुक्त करने के लिए हिमाचल प्रदेश के निवासी को हटाया गया और वह भी विधानसभा सत्र के बीच में। वह इस मुद्दे पर चर्चा भी कराना चाहते थे।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि पीछे मुड़कर देखें। मुख्य सचिव इनके समय में वह भी लगते रहे हैं, जो छठे नंबर पर थे। एक पद खाली था। उस दृष्टि से यह निर्णय लिया गया है, उन्हें जो दायित्व दिया जा रहा है, वह संवैधानिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था। सरकार ने वरिष्ठता को नजरअंदाज नहीं किया है। मुख्य सचिव की नियुक्ति करना राज्य सरकार का विशेषाधिकार है। सदन यह फैसला नहीं कर सकता कि कौन मुख्य सचिव होगा और सदन में इस मुद्दे पर चर्चा नहीं हो सकती। इस पर कांग्रेस के विधायकों ने हंगामा किया और नारेबाजी शुरू कर दी। इस बीच विपक्ष नारेबाजी करते हुए वाकआउट कर गया।

विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार ने कहा कि यह सरकार के अधिकार क्षेत्र का मामला है। वह इसे मंजूर नहीं करेंगे। उन्होंने सदन की अगली कार्यवाही करने को कहा। स्पीकर विपिन सिंह परमार ने कहा कि ये बातें रिकॉर्ड नहीं होंगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *