शिमला : हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) दिवाली के मद्देनजर अतिरिक्त बसें चलाएगा। तीन से छह नवंबर तक नई दिल्ली, चंडीगढ़ व बद्दी से प्रदेश के विभिन्न स्थानों के लिए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। तीन नवंबर को 62 बसें, चार नवंबर को 14 बसें, पांच नवंबर को 61 बसें व छह नवंबर को 165 बसें अतिरिक्त चलाई जाएंगी। ये बसें तीन अहम रूटों से ही चलेंगी।
एचआरटीसी के पास बसों का बेड़ा तीन हजार के करीब है। तीन हजार रूट प्राइवेट हैं। हिमाचल में छह हजार रूटों पर बसें दौड़ती हैं। त्योहार के मौके पर बसों में भारी भीड़ रहती है। एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक डॉ. संदीप भटनागर ने कहा कि दिवाली के मद्देनजर लोगों की सुविधा को देखते हुए अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। लोगों की सुविधा व मांग के अनुसार दिल्ली से शिमला, दिल्ली से धर्मशाला, दिल्ली से कुल्लू, दिल्ली से मंडी, दिल्ली से चंबा आदि के लिए बसें चलाई जाएंगी।
वहीं स्थानीय बसें दिवाली पर सात नवंबर को शाम पांच बजे से आठ नवंबर की सुबह आठ बजे तक सभी स्थानीय बसें बंद रहेंगी।