ताज़ा समाचार

अर्की अस्पताल में डायलिसिस व अल्ट्रासाउंड सुविधा मिलेगी शीघ्र – संजय अवस्थी

सुलभ एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता- संजय अवस्थी

सोलन: अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ बनाना तथा स्वास्थ्य संस्थानों में रोगियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध करवाना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। संजय अवस्थी आज नागरिक अस्पताल अर्की में स्वागत एवं पंजीकरण काउंटर तथा अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट का शुभारम्भ करने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का समयबद्ध उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और इस दिशा में प्रदेश सरकार के प्रयास सफल हो रहे हैं।

संजय अवस्थी ने कहा कि नागरिक अस्पताल अर्की में स्वागत एवं पंजीकरण काउंटर स्थापित होने से अस्पताल में उपचार के लिए आने वाले मरीजों एवं उनके तीमारदारों को आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा विभिन्न सेवाओं के संबंध में उचित मार्गदर्शन प्राप्त करने में सुविधा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि अस्पताल की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से लोगों को अस्पताल से संबंधित आवश्यक जानकारी डिजिटल माध्यम से शीघ्र उपलब्ध होगी। इससे स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच आसान होगी तथा अस्पताल की कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक के उपयोग को भी बढ़ावा मिलेगा।

विधायक ने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अर्की अस्पताल में डायलिसिस व अल्ट्रासाउंड सुविधा शीघ्र मिलेगी। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से रोगियों को समयबद्ध एवं बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने का आग्रह किया।

संजय अवस्थी ने कहा कि अर्की स्थित नागरिक अस्पताल के माध्यम से विधानसभा क्षेत्र सहित आस-पास के अन्य इलाकों के लोग भी लाभान्वित हो रहे हैं। उन्होने कहा कि निरन्तर बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए सभी चिकित्सक, स्टाफ नर्स, पैरा मेडिकल कमीे अन्य कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।

उन्होंने अस्पताल में आवास निर्माण व मरीजों की सुविधा के लिए पार्किंग निर्माण के लिए प्राक्कलन के आधार पर आवश्यक बजट स्वीकृत एवं उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया।

विधायक ने 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की लड़कियों के अभिभावकोें से आग्रह किया कि गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव के लिए टीकाकरण अवश्य करवाएं ओर इस अभियान को सफल बनाएं।

खण्ड चिकित्सा अधिकारी अर्की डॉ. मुक्ता रस्तोगी ने एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए आमजन को इसके महत्व के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि एचपीवी संक्रमण से बचाव के लिए टीकाकरण एक महत्वपूर्ण उपाय है तथा यह विशेष रूप से सर्वाइकल कैंसर अर्थात गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर से बचाव में सहायक है। एचपीवी टीकाकरण के माध्यम से किशोरियों को भविष्य में एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों के खतरे से बचाने में सहायता मिलती है। उन्होंने पात्र किशोरियों के अभिभावकों से आग्रह किया कि वे स्वास्थ्य विभाग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुसार टीकाकरण करवाएं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed