बुनियादी सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए हरसंभव सहयोग का दिया आश्वास
केलांग: उपायुक्त लाहौल-स्पीति किरण भड़ाना ने आज पीएम श्री राजकीय केंद्र प्राथमिक विद्यालय केलांग का दौरा कर विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और अधोसंरचना का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय के विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी पढ़ाई, स्कूल में उपलब्ध सुविधाओं तथा सामने आ रही समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
उन्होंने बच्चों से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं को जानने में विशेष रुचि दिखाई। उन्होंने विद्यार्थियों से कक्षाओं, पेयजल, शौचालय, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं के बारे में फीडबैक लिया। बच्चों ने भी अपनी आवश्यकताओं और समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष साझा किया।
उन्होंने विद्यालय के शिक्षकों से भी बातचीत कर शिक्षण व्यवस्था तथा विद्यालय में मौजूद अधोसंरचना संबंधी कमियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध करवाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विद्यालय में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था, शौचालयों, कक्षाओं, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को विद्यालय में मौजूद कमियों को दूर करने तथा आवश्यक सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि विद्यालयों की अधोसंरचना को मजबूत करने के साथ-साथ शिक्षा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार आवश्यक है, ताकि विद्यार्थियों को सीखने के लिए बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि बच्चों के हित में आवश्यक सुविधाओं के सुधार के लिए जिला प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान किया जाएगा।












