हमीरपुर: राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश की चार नगर निगमों, 25 नगर परिषदों और 22 नगर पंचायतों सहित कुल 51 शहरी निकायों के चुनाव की घोषणा कर दी है। इन शहरी निकायों में जिला हमीरपुर के 2 शहरी निकाय- नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा शामिल है। नगर परिषद सुजानपुर में 9 वार्ड और नगर पंचायत भोटा में 7 वार्ड हैं।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग की घोषणा के साथ ही नगर परिषद सुजानपुर और नगर पंचायत भोटा में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है।
उन्होंने बताया कि इन दोनों शहरी निकायों के चुनाव के लिए उम्मीदवार 29 और 30 अप्रैल तथा 2 मई को सुबह 11 से दोपहर बाद 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकते हैं। नामांकन पत्रों की जांच 4 मई को सुबह 10 बजे से आरंभ होगी। 6 मई को दोपहर बाद 3 बजे तक उम्मीदवार अपने नाम वापस ले सकेंगे।
17 मई को सुबह 7 बजे से दोपहर बाद 3 बजे तक मतदान होगा और इसी दिन शाम को परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे।
उपायुक्त ने संबंधित एसडीएम एवं इन शहरी निकायों के निर्वाचन अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता की अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।