शिमला : 1 करोड़ की एलएसडी के साथ युवक और युवती गिरफ्तार..
शिमला : 1 करोड़ की एलएसडी के साथ युवक और युवती गिरफ्तार..
शिमला: शिमला पुलिस टीम ने राजधानी के न्यू शिमला क्षेत्र में दबिश देकर एक भवन के कमरे से करीब एक करोड़ रुपये की लिसर्जिक एसिड डाइथलामाइड (एलएसडी) ड्रग्स बरामद की है। पुलिस ने इस प्रतिबंधित ड्रग्स के साथ दो को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों में सिरमौर के ददाहू क्षेत्र की प्रिया शर्मा और पंजाब के मोगा क्षेत्र की तहसील धर्मकोट का रहने वाला संदीप शर्मा शामिल है। इन दोनों के पास से कुल 11.57 ग्राम एलएसडी ड्रग्स बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि राजधानी में एलएसडी की तस्करी हो रही है। आरोपी न्यू शिमला में एक कमरे में ठहरे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने एक टीम का गठन किया। न्यू शिमला के हिम निवास में दबिश दी। इस दौरान कमरे में आरोपी युवक और युवती मिले। पूछताछ और तलाशी के दौरान इनके पास से एलएसडी के साथ 562 स्टैंप साइज सिट्रप्स बरामद किए गए। एएसपी हेडक्वार्टर अभिषेक ने बताया कि इन सिट्रप्स का इस्तेमाल इस नशे को लेने के लिए इस्तेमाल किया जाता है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी संदीप शर्मा दस साल से एलएसडी ड्रग्स की तस्करी कर रहा है। इस पर 33 ग्राम चिट्टे की तस्करी का भी केस दर्ज है। यह युवती के संपर्क में कैसे आया, युवती आगे किन लोगों के संपर्क में थी, इस पर जांच चल रही है। एएसपी ने बताया कि इस साल शिमला पुलिस एनडीपीएस एक्ट के तहत 73 केस दर्ज कर चुकी है। 136 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें 12 आरोपी पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और दिल्ली से गिरफ्तार किए गए हैं। पुलिस ने 45 दिन के भीतर 30 आदतन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा है।
एनडीपीएस अधिनियम के तहत LSD की Commercial मात्रा की श्रेणी 0.1 ग्राम से अधिक है जिसमे 20 वर्ष की सज़ा का प्रावधान है। अभियोग मे पुलिस टीम द्वारा लगभग 11.5 ग्राम LSD बरामद की गई जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है।