मण्डी: विदेश में रोजगार के इच्छुक युवाओं के लिए दुबई में रोजगार का अवसर उपलब्ध हुआ है। जिला रोजगार अधिकारी मंडी अरविन्द सिंह चौहान ने जानकारी देते हुए बताया कि हिमाचल प्रदेश राज्य इलेक्ट्रॉनिक्स विकास निगम (एचपीएसईडीसी) शिमला के माध्यम से डल्स्को रिक्रूटमेंट सर्विसेज कंपनी, दुबई में बॉबकैट ऑपरेटर के पदों के लिए अधिसूचना जारी की गई है। इन पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को 2400 दिरहम मासिक वेतन दिया जाएगा, जो भारतीय मुद्रा में लगभग 60 हजार रुपये प्रतिमाह के बराबर है। इसके अतिरिक्त ओवरटाइम तथा आवास की सुविधा या आवास भत्ता भी दिया जाएगा। कंपनी द्वारा कर्मचारियों को चिकित्सा सुविधा, निवास स्थान से कार्यस्थल तक परिवहन सुविधा तथा जीवन बीमा जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल पुरुष अभ्यर्थी आवेदन कर सकते हैं तथा आवेदकों की आयु सीमा 24 से 45 वर्ष निर्धारित की गई है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। इच्छुक अभ्यर्थियों को https://forms.gle/N9MA5rP7F1PdTC499 लिंक पर उपलब्ध गूगल फॉर्म के माध्यम से अपना पंजीकरण करना अनिवार्य होगा। आवेदन करने की अंतिम तिथि 12 मार्च 2026 निर्धारित की गई है। आवेदक के पास वैध पासपोर्ट होना आवश्यक है तथा साथ ही वैध या समाप्त हो चुका यूएई लाइसेंस होना भी अनिवार्य है। यदि कोई उम्मीदवार ज्वाइन करने के 80 दिनों के भीतर इस्तीफा देता है, तो उसे यूएई में अपने वीजा और चिकित्सा संबंधी खर्च स्वयं वहन करने होंगे।
चयनित उम्मीदवारों को भारत सरकार के विदेश मंत्रालय द्वारा अनुमोदित 35,400 रुपये तथा उस पर लागू जीएसटी और 1500 रुपये चिकित्सा शुल्क का भुगतान करना होगा। अधिक जानकारी के लिए फोन नंबर 01905-235508 पर संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विदेश में नौकरी करने के इच्छुक युवा इस अवसर का लाभ उठाने के लिए समय पर पंजीकरण करें।
—