सरकाघाट: सरकाघाट के बरछवाड़ में नलवाड़ एवं देवता मेले का आयोजन 28 मार्च से 03 अप्रैल तक किया जाएगा। मेले के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को एसडीएम कार्यालय सरकाघाट में धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई।
बैठक में निर्णय लिया गया कि बरछवाड़ के नलवाड़ एवं देवता मेले को प्रशासन के दायरे में लाकर इसे उपमंडल स्तरीय मेले के रूप में मनाया जाएगा तथा एसडीएम सरकाघाट इस मेले के अध्यक्ष होंगे। विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि मेले का भव्य आयोजन किया जाएगा तथा देवताओं की परंपरा और स्वरूप को भी यथावत बनाए रखा जाएगा।
बैठक में मेले के सफल आयोजन के लिए विभिन्न उप-समितियों के गठन का भी निर्णय लिया गया। साथ ही मेले के दौरान मैराथन दौड़, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, वॉलीबॉल, कुश्ती, बेबी शो, डॉग शो, रक्तदान शिविर, रस्साकशी तथा छिंज जैसी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अलावा मेले में तश्तरीला खेल भी शामिल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस बार मेले का मुख्य आकर्षण बछड़ी प्रदर्शनी रहेगी, जिसमें विभिन्न प्रजातियों की बछड़ियों का प्रदर्शन किया जाएगा। विधायक ने कहा कि मेले के दौरान सांस्कृतिक संध्याओं का आयोजन भी किया जाएगा, जिनमें स्थानीय कलाकारों के साथ-साथ सुप्रसिद्ध कलाकारों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
मेले के दौरान प्रत्येक दिन महिला मंडलों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मेले के दौरान वॉइस ऑफ सरकाघाट प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त मेले में विभिन्न सरकारी विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी देने के लिए विभागीय प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी। स्वयं सहायता समूहों द्वारा भी अपने उत्पादों के स्टॉल लगाए जाएंगे।
मेले के दौरान रक्तदान शिविर और निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि सांस्कृतिक संध्याओं के दौरान ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के आने-जाने के लिए परिवहन सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी।