सुंदरनगर: राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जयदेवी के 82 विद्यार्थियों ने प्री-वोकेशनल विजिट के अंतर्गत उद्यान विभाग सुंदरनगर द्वारा एचपीशिवा परियोजना के तहत स्थापित खगराओं क्लस्टर का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को कृषि एवं बागवानी क्षेत्र की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना तथा उन्हें करियर के नए अवसरों के प्रति प्रेरित करना रहा।
प्रदेश सरकार के “अपना विद्यालय – द हिमाचल स्कूल एडॉप्शन कार्यक्रम” के तहत उद्यान विकास अधिकारी डॉ. अनुपमा मैहरा ने विद्यालय को गोद लिया है। इसी क्रम में विद्यार्थियों को समय-समय पर करियर काउंसलिंग और विषयगत मार्गदर्शन प्रदान किया जाता है।
भ्रमण के दौरान डॉ. अनुपमा मैहरा ने विद्यार्थियों को विभिन्न फलदार पौधों, उनकी उन्नत किस्मों, रोपण तकनीक, रखरखाव तथा आधुनिक बागवानी पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के पास भूमि जैसी महत्वपूर्ण संपदा है, जिसका वैज्ञानिक तरीके से उपयोग कर वे आधुनिक खेती और बागवानी को लाभकारी व्यवसाय बना सकते हैं।
उन्होंने युवाओं को सरकारी नौकरियों के साथ-साथ स्वरोजगार और कृषि आधारित उद्यमों की ओर भी ध्यान देने की सलाह दी। विद्यार्थियों को पौधरोपण, खाद प्रबंधन एवं पौधों की देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ के सदस्य भी उपस्थित रहे।