पार्टी कार्यकर्ताओं के मान सम्मान की मेरी जिम्मेवारी – विनय कुमार

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया है कि वह उनकी मजबूत आवाज बनेंगे। उन्होंने कहा है कि पार्टी अध्यक्ष होने के नाते पार्टी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को दूर करना उनकी जिम्मेवारी हैं।
आज चंडीगढ़ से मंडी जाते हुए स्वारघाट,भराड़ी,सुंदरनगर,नाचन व बल्ह विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं से भेंट वार्ता के दौरान विनय कुमार ने कहा कि हाई कमान ने उन्हें प्रदेश में संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी हैं। उन्होंने इसके लिए केंद्रीय आलाकमान राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे,नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी,महासचिव प्रियंका गांधी,प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल सहित सभी नेताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आलाकमान ने जो विश्वास उन पर जताया है उस पर वह पूरी तरह खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
विनय कुमार ने पार्टी कार्यकर्ताओं से उनके हाथों को मजबूत करने का आग्रह करते हुए कहा कि संगठन में कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज का उनका यह पहला दौरा मंडी क्षेत्र का रहा है और जल्द ही वह अब सभी ब्लॉकों का दौरा कर पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी पार्टी की रीढ़ होती है,इसलिए इसका मजबूत होना बहुत ही आवश्यक है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि निकट भविष्य में उन्हें संगठन की ओर से जो भी जिम्मेवारी मिलती है उस पर उन्हें खरा उतरना होगा। उन्होंने 11 दिसम्बर को मंडी में होने वाले प्रदेश कांग्रेस सरकार के जन संकल्प सम्मेलन में और 14 दिसम्बर को नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के वोट चोर,गद्दी छोड़ महारैली में बढ़चढ कर भाग लेने का आग्रह किया।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार का जगह जगह पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं द्वारा ढोल नगाड़ों के साथ उन्हें फूलमाला पहना कर उनका स्वागत व अभिनंदन किया गया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed