लाहौल-स्पीति: लाहौल-स्पीति जिले के लिंडूर गांव में वर्ष 2023 के मानसून के दौरान गंभीर भू-धंसान की घटनाएं सामने आई थीं, जिनके मद्देनज़र जिला प्रशासन द्वारा स्थिति की निरंतर निगरानी की जा रही है।
उपायुक्त लाहौल-स्पीति, किरण भड़ाना एवं प्रशासनिक टीम द्वारा बुधवार को लिंडूर गांव का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भू-धंसान से प्रभावित क्षेत्र की स्थिति का गहन मूल्यांकन किया गया तथा प्रभावित ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याएं सुनी गई।
प्रशासन द्वारा पुनर्वास प्रक्रिया को शीघ्र, समन्वित और प्रभावी रूप से क्रियान्वित करने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा संभावित वैकल्पिक पुनर्वास स्थलों की जानकारी प्रदान की गई, जिस पर ग्रामीणों ने सहमति व्यक्त की है।
जिला प्रशासन यह सुनिश्चित करने हेतु प्रतिबद्ध है कि प्रभावित परिवारों को सुरक्षित, सुविधाजनक और स्थायी पुनर्वास उपलब्ध कराया जाए। इस दिशा में सभी संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश जारी किए जा चुके हैं।