मण्डी: मण्डी में चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिंद्रावणी के पास वोल्वो अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में चालक, परिचालक समेत 17 पर्यटक जख्मी हुए हैं। इनमें 12 पुरुष और पांच महिलाएं हैं। घायल पंजाब, हरियाणा और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं। हादसा मंडी में मलोरी टनल के आगे बिंद्रावणी में रविवार सुबह चार बजे के करीब हुआ। घटना के समय वोल्वो बस में 32 पर्यटक यात्री सवार थे। वोल्वो दिल्ली से पर्यटकों को लेकर कसोल जा रही थी। पुलिस ने बिलासपुर के घुमारवीं के गांव डंगार के चालक पर लापरवाही से बस चलाने का मामला सदर थाना में दर्ज किया है।
हालांकि, हादसे में सभी को मामूली चोटें आई थीं। स्थानीय लोगों ने पुलिस और 108 को घटना की जानकारी दी। पंडोह पुलिस के एएसआई अनिल कटोच पुलिस टीम के साथ सुबह हादसा स्थल पर पहुंचे और घायलों को एंबुलेंस के माध्यम से जोनल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस के अनुसार बिंद्रावणी के पास चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया। बस पहाड़ी से टकराकर पलट गई। घटना के बाद पंडोह पुलिस ने जख्मी चालक और परिचालक समेत 17 यात्रियों का मेडिकल करवाया है। इसके बाद उन्हें भेज दिया है। दो घायलों को नेरचौक के लिए ले जाया गया है, जहां हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक साक्षी वर्मा ने बताया कि आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सभी घायलों को अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।