भाजपा को अगर धनबल से सरकार बनाने का शौक तो बंद करवाए चुनाव: नरेश चौहान
भाजपा को अगर धनबल से सरकार बनाने का शौक तो बंद करवाए चुनाव: नरेश चौहान
भाजपा मुद्दों पर लड़े चुनाव, देंगे करारा जवाब: नरेश चौहान भारी बहुमत के साथ प्रदेश की चारों सीटें जीतेगी कांग्रेस: नरेश चौहान
शिमला: हिमाचल प्रदेश में अंतिम चरण में होने वाले लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने कमर कस ली है। प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों पर कांग्रेस ने प्रत्याशी उतार दिए हैं जो भारी बहुमत के साथ जीतेंगे। यह बात प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेश चौहान ने शिमला में एक पत्रकार वार्ता के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि पिछले 10 सालों से केंद्र में पीएम मोदी के नेतृत्व में सत्ता में है लेकिन चुनाव 10 साल के रिपोर्ट कार्ड पर नहीं बल्कि हिन्दू- मुस्लिम व मंगलसूत्र के नाम पर लड़ा जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज जब देश की जनता के साथ किए गए वायदों का रिपोर्ट कार्ड देने का समय आया है तो एक बार फिर से ध्रुवीकरण की राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि आज 10 साल पहले किए गए वायदों जिसमें हर साल 2 करोड़ युवाओं को नौकरी देने ,किसानों की आय दोगुनी करने और महिलाओं की सुरक्षा की देने की बात कही गई थी लेकिन आज वे मुद्दे गौण हो गए हैं भाजपा सिर्फ धर्म और जाति- पाती के नाम पर सत्ता हासिल करना चाहती है। उन्होंने कहा कि जहां पर भाजपा की सरकार नहीं बनती है वहां धनबल और खरीद फरोख्त से सत्ता हासिल की जाती है। यदि भाजपा को खरीद फरोख्त और धनबल से सत्ता में रहने का शौक है तो वे चुनाव बंद करवा सकते हैं। लेकिन लोकतंत्र में यह सब नहीं हो सकता। नरेश चौहान ने कहा कि प्रदेश में होने वाले लोकसभा चुनाव और विधानसभा उप- चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने कमर कस ली है। चुनाव की तैयारियों और कार्यकर्ताओं में जोश भरने के लिए सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही पूरे प्रदेश का दौरा कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा उपचुनाव के लिए तीन प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है बाकी तीन की घोषणा भी जल्द कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि देश में मंहगाई ने कमर तोड़ी है देश में जिनके पास पैसा है वो अरबपति बन गए हैं। लेकिन दूसरी ओर देश के 80 करोड़ लोग पांच किलो आटा- चावल तक ही सीमित हो गए हैं। उन्होंने भाजपा नेताओं से पूछा कि क्या यही विकास ? उन्होंने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि आपके मित्र पांच साल में दुनिया के सबसे अमीर आदमी बन गए हैं। बैंकों में पैसा लोगों का था जिसे अपने मित्र को देकर देश की संपति बेचकर अपने मित्र को सौंप दिया। नरेश चौहान ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल को उनके बयानों पर आड़े हाथ लेते हुए कहा कि उन्हें भी अपने कार्यकाल में किये घोटालों के सभी सवालों का जवाब लोगों को देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश पर 70 हजार करोड़ से अधिक का ऋण व 12 हजार करोड़ से अधिक की देनदारियां प्रदेश की कांग्रेस सरकार को विरासत में मिली। उन्होंने कहा कि कोविड के दौरान भाजपा के नेताओं ने जो भ्रष्टाचार किया वह लोगों को याद है। उन्होंने कहा कि क्या कारण थे कि उस समय राजीव बिंदल को अध्यक्ष पद से हटना पड़ा था। चौहान ने कहा कि आज जिस प्रकार से भाजपा ने प्रदेश की पूर्ण बहुमत की कांग्रेस सरकार को धनबल पर अस्थिर करने की नाकाम कोशिश की लोगों को उसका भी जवाब भाजपा को देना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार के पास पहले भी पूर्ण बहुमत था और 4 जून को चुनाव परिणाम आने के बाद ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार और भी मजबूत होगी। नरेश चौहान ने कहा है कि प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों के लिये पार्टी ने अपने सभी उम्मीदवारों को घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि कांगड़ा में कांग्रेस ने अपना राष्ट्रीय नेता पूर्व केंद्रीय मंत्री आनंद शर्मा को चुनाव मैदान में उतारा है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं में पूरा जोश है। कांगड़ा में आनंद शर्मा अपनी जीत का परचम लहरायेंगे। उन्होंने कहा कि आनंद शर्मा पार्टी के बहुत बड़े नेता है और कांगड़ा संसदीय क्षेत्र से उनका चुनाव लड़ना प्रदेश कांग्रेस के लिये बहुत ही हर्ष का विषय है। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रत्याशी नहीं बल्कि आम कार्यकर्ता लड़ता है इसलिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता लोकसभा और विधानसभा उप चुनाव में पूरी ताकत के साथ लड़कर चुनाव जीतेगा।