मण्डी: 10 कमरों का स्लेटपोश मकान जलकर राख, 30 लाख का नुकसान

मण्डी: मण्डी उपमंडल बालीचौकी की पंचायत गुराण में शुक्रवार रात को आग लगने से ढाई मंजिला लकड़ीनुमा स्लेटपोश दस कमरों का मकान जलकर राख हो गया। इस घटना में करीब 30 लाख का नुकसान हुआ है। अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। गनीमत रही कि समय पर ग्रामीणों ने परिवार के सदस्यों और मवेशियों को सुरक्षित बाहर  निकाल  लिया। जानकारी के अनुसार, पंचायत गुराण के गांव खईधार में रात दो बजे के आसपास पूर्ण चंद पुत्र परम देव के घर में आग लग गई। इस दौरान परिवार के सभी सदस्य घर में ही सो रहे थे। आग लगने पर पूर्ण और उसकी पत्नी को घर से कुछ आवाजें आने लगने पर दोनों उठ गए। जब दोनों ने देखा तो बाहर आग व धुंआ देखकर चिल्लाने लगे। चिल्लाने की आवाज सुनकर पूरा गांव जाग गया। ग्रामीणों ने परिवार के साथ मवेशियों को भी घर से बाहर सुरक्षित निकाला।

गुराण पंचायत के उपप्रधान इंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासन को फोन के माध्यम से सूचित कर दिया था। इस दौरान फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सब कुछ जल गया था। इंद्र सिंह ने बताया कि यह घर लकड़ियों का बना हुआ था। इस घटना में लगभग 30 लाख का नुकसान आंका गया। इंद्र सिंह ने प्रशासन से गरीब पूर्ण चंद की आर्थिक तौर पर सहायता करने की अपील की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed