मुख्यमंत्री बोले-कुछ लोग बिना सत्ता के छटपटा रहे हैं

प्रदेश के लोगों से विश्वासघात करने वालों को जनता माफ नहीं करेगी: मुख्यमंत्री
कांगड़ा: जिला कांगड़ा के पालमपुर में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पालमपुर में बीडीओ कार्यालय परिसर, अतिरिक्त जिला सत्र न्यायालय कार्यालय निर्माण के लिए समुचित धन का प्रावधान करने का आश्वासन दिया। इसके अतिरिक्त उन्होंने पालमपुर में शहीद स्मारक, पालमपुर अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापित करने तथा ऑपरेशन थियेटर का निर्माण करने, शहर के लिए सीवरेज स्कीम, ओबीसी भवन, पालमपुर बस अड्डे के विस्तारीकरण के लिए पर्याप्त धनराशि प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने रेलवे ओवरब्रिज बदेहड़-पट्टी रोड पर पुल का निर्माण, लिंगटी खड्ड-नगरी मणिमहेश सड़क, नागनी से लसेडु चिम्बलहार पुल के निर्माण तथा राजपुर गोस्वामी गणेश दत्त कॉलेज के निकट रेलवे ओवरब्रिज के निर्माण की घोषणा भी की।
 ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि भविष्य में पालमपुर क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए और अधिक धनराशि खर्च की जाएगी, जिसका ब्लूप्रिंट तैयार किया जा रहा है और आने वाले समय में पालमपुर का परिदृश्य बदलने वाला है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने के बाद से कांगड़ा जिला का विकास विशेष प्राथमिकता रही है और इसी दिशा में अनेक योजनाएं बनाई जा रही हैं। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कांगड़ा एयरपोर्ट का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सभा चुनाव के दौरान छह कांग्रेस विधायकों ने बागी बनकर क्रॉस वोटिंग की। उनमें कांगड़ा जिला के एक नेता भी शामिल हैं, जो स्वयं भी सरकार में मंत्री और युवा कांग्रेस के महासचिव रहे, लेकिन उन्होंने पार्टी को आघात पहुंचाया उन्होंने कहा कि कुछ लोग बिना सत्ता के छटपटा रहे हैं, जबकि मैंने 35 साल संघर्ष किया है और वह षड्यंत्रों से घबराने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि जनता विश्वास का हनन करने वालों को कभी माफ नहीं करेगी।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि ‘‘वर्तमान राज्य सरकार भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाकर आम आदमी के विश्वास के लिए धन का प्रावधान कर रही है जबकि कुछ लोग पैसा खर्च कर मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठना चाहते हैं। ऐसे लोग जनता की क्या सेवा करेंगे। आज अगर मैं मुख्यमंत्री बना हूं तो यह जनता की ताकत है। धन-बल से कुर्सी की चाह रखने वालों को हिमाचल प्रदेश की जनता कभी माफ नहीं करेगी। वर्तमान सरकार पूरे पांच साल जन सेवा करेगी और पूरी ईमानदारी के साथ काम करेगी।’’
उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है तथा विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए टेंडर प्रक्रिया की अवधि को 51 दिन से घटाकर 21 दिन किया गया है। इसके साथ ही शिक्षा व स्वास्थ्य के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार बिना स्टाफ के स्वास्थ्य तथा शिक्षण संस्थान नहीं खोलेगी तथा हर संस्थान के परिचालन के लिए उचित व्यवस्था की जाएगी। इसी प्रकार से बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए आधुनिक तकनीक को इस्तेमाल किया जा रहा है। प्रदेश में 55 लाख लोगों के हेल्थ कार्ड बनाए जा चुके हैं। जबकि पिछली भाजपा सरकार द्वारा राजनीतिक लाभ को देखते हुए अपने कार्यकाल के अंतिम छह माह में 900 से अधिक शिक्षण व स्वास्थ्य संस्थान खोले। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने लोगों को राहत प्रदान करने के लिए राजस्व लोक अदालतों का आयोजन किया जा रहा है, जिसके तहत अब तक 90 हजार के अधिक इंतकाल व सात हजार से अधिक तकसीम के मामलों का निपटारा किया जा चुका है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कि 15 माह के कार्यकाल में वर्तमान सरकार ने आर्थिक और आपदा से उत्पन्न चुनौती का सफलतापूर्वक सामना किया। राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार के दरवाजे बंद करके 2200 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व प्राप्त किया।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी की विभिन्न पदों पर रहकर जन सेवा की और साबित किया कि वह किसी से भी डरने वाले नहीं -आशीष बुटेल

मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल ने पालमपुर की जनता को लगभग 250 करोड़ की विकासात्मक परियोजनाएं प्रदान करने के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और कहा कि पिछले 14 माह के कार्यकाल में पालमपुर को अनेक परियोजनाएं दी हैं, जबकि पिछली भाजपा सरकार के कार्यकाल में क्षेत्र के विकास को रोका गया। उन्होंने कहा कि ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने पार्टी की विभिन्न पदों पर रहकर जन सेवा की और साबित किया कि वह किसी से भी डरने वाले नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता सदैव मुख्यमंत्री के साथ खड़ी है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed