मुख्यमंत्री बोले- एक साल में किया व्यवस्था परिवर्तन, 4 साल में हिमाचल को बनाएंगे आत्मनिर्भर; CM ने धर्मशाला से की चार बड़ी घोषणाएं-

18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को जनवरी माह से 1500 रुपए की राशि देने की घोषण

मुख्यमंत्री ने की दूध का खरीद मूल्य 6 रुपए बढ़ाने तथा जनवरी, 2024 से गोबर खरीद योजना शुरू करने की घोषणा
विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च वहन करेगी राज्य सरकार
आपदा प्रभावित कांगड़ा जिला के 581 प्रभावित परिवारों को 13.58 करोड़ रुपये की पहली किस्त जारी
एक साल में एक भी दिन घर नहीं बैठे मुख्यमंत्री, रात-दिन किया कामः शुक्ला
उपलब्धियों भरा रहा प्रदेश सरकार का एक साल का कार्यकाल: उप-मुख्यमंत्री
शिमला: वर्तमान राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर जिला कांगड़ा के धर्मशाला में आयोजित ‘व्यवस्था परिवर्तन का एक साल’ राज्य स्तरीय समारोह के अवसर पर एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार आम लोगों की सरकार है, जिसमें महिलाओं, युवाओं, किसानों और कर्मचारियों सहित हर वर्ग को सम्मान मिल रहा है।
इस अवसर पर उन्होंने लाहौल-स्पिति जिला की 18 वर्ष से अधिक आयु की सभी महिलाओं को जनवरी माह से 1500 रुपए की राशि देने की घोषणा की और कहा कि सरकार निकट भविष्य में सभी महिलाओं के साथ किया गया वादा निभाएगी। जिन महिलाओं को अभी 1100 रुपए पेंशन के रूप में मिलते हैं, उन्हें भी अगले वर्ष से बढ़ाकर 1500 रुपए प्रदान किए जाएंगेमुख्यमंत्री ने अगले वित्त वर्ष से विधवा महिलाओं के बच्चों की उच्च शिक्षा का खर्च राज्य सरकार द्वारा वहन करने की घोषणा भी की। उन्होंने दूध का खरीद मूल्य 6 रुपए बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि राज्य सरकार जनवरी, 2024 से गोबर खरीद योजना शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि यह फैसला किसानों की समृद्धि की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार व्यवस्था परिवर्तन की दिशा में अनेक फैसले ले रही है। राजस्व बढ़ोतरी के लिए कई उपाय किए गए हैं और शराब ठेकों की नीलामी से सरकार का राजस्व 500 करोड़ रुपए बढ़ा है। इस एक वर्ष में आत्मनिर्भर हिमाचल की नींव रखी गई है तथा वर्ष 2027 तक हिमाचल आत्मनिर्भर और वर्ष 2032 तक देश का सबसे समृद्धतम राज्य बनेगा।
उन्होंने कहा कि एक वर्ष में तीन गारंटियां पूरी कर दी गई हैं। बिना किसी राजनीतिक लाभ को देखते हुए पहली ही कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन लागू की ताकि कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया जा सके। अगले सत्र से सभी सरकारी स्कूलों में अंग्रेजी मीडियम शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार संवेदनशील सरकार है, जो जनता की भावना को बेहतर ढंग से समझती है।
ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि इसी वर्ष राज्य ने इतिहास की सबसे बड़ी आपदा का सामना किया। इस त्रासदी को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने के लिए सरकार विधानसभा में संकल्प लेकर आई, लेकिन भाजपा वहां भी प्रभावितों के साथ खड़ी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार से अभी तक कोई विशेष पैकेज प्राप्त नहीं हुआ है, इसके बावजूद अपने सीमित संसाधनों से राज्य सरकार ने  4500 करोड़ रुपए का विशेष पैकेज घोषित किया, ताकि प्रभावितों को उचित सहायता प्रदान की जा सके।  
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने वर्तमान प्रदेश सरकार की एक वर्ष की उपलब्धियों पर आधारित सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग द्वारा तैयार एक कॉफी टेबल बुक, 365 दिन 365 फैसले पुस्तिका, ई-बुक तथा पत्रिका का विमोचन भी किया गया। यह सामग्री विभाग की अधिकारिक वेबसाइट पर भी उपलब्ध करवाई गई है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा से प्रभावित कांगड़ा जिला के 581 प्रभावित परिवारों को 13.58 करोड़ रुपये की राशि पहली किस्त के रूप में वितरित की गई।
डमटाल मंदिर ट्रस्ट की ओर से मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को एक करोड़ का चेक आपदा राहत कोष-2023 में दिया गया।
ओपीएस यूनियन ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को सम्मानित किया।

मुकेश अग्निहोत्री बोले-  राज्य सरकार का एक साल का कार्यकाल उपलब्धियों भरा 

इस अवसर पर उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि राज्य सरकार का एक साल का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है, लेकिन भाजपा आदतन प्रदर्शन कर रही है जो दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रदेश में स्थिर सरकार काम कर रही है, जो पूरे पांच साल लोगों की सेवा करेगी। 
हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं सांसद राजीव शुक्ला ने वर्तमान सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि एक भी दिन मुख्यमंत्री घर नहीं बैठे तथा दिन-रात जनता की सेवा में जुटे रहे। आपदा के दौरान रात को जाग-जाग कर ठंड के बीच लोगों की मदद की। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन बहाल करने से प्रदेश के लगभग डेढ़ लाख कर्मचारियों को लाभ मिला है।

महिलाओं के साथ किए गए वादे को आने वाले समय में निभाया जाएगा – प्रतिभा सिंह

कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि इस एक साल के कार्यकाल में प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए अनेक कार्यक्रम आरम्भ किए गए हैं ताकि उनका सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि महिलाओं के साथ किए गए वादे को आने वाले समय में निभाया जाएगा। 

पिछली भाजपा सरकार हिमाचल पर कर्ज का पहाड़ छोड़कर गई लेकिन मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार प्रदेश को सबसे समृद्धतम राज्य बनाएगी – राजीव शुक्ला

हिमाचल प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी एवं सांसद राजीव शुक्ला ने वर्तमान सरकार के कामकाज की सराहना करते हुए कहा कि एक भी दिन मुख्यमंत्री घर नहीं बैठे तथा दिन-रात जनता की सेवा में जुटे रहे। आपदा के दौरान रात को जाग-जाग कर ठंड के बीच लोगों की मदद की। उन्होंने कहा कि पिछली भाजपा सरकार हिमाचल पर कर्ज का पहाड़ छोड़कर गई लेकिन मुख्यमंत्री के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार प्रदेश को सबसे समृद्धतम राज्य बनाएगी और अपनी हर गारंटी पूरा करेगी।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री के रूप में एक वर्ष के कार्यकाल में अनेकों ऐतिहासिक निर्णय लेकर अपनी विशेष पहचान बनाई है

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि पहले मुख्यमंत्री डॉ. वाई.एस. परमार को हिमाचल निर्माता के रूप में जाना जाता है, वहीं ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मुख्यमंत्री के रूप में एक वर्ष के कार्यकाल में अनेकों ऐतिहासिक निर्णय लेकर अपनी विशेष पहचान बनाई है। 
स्थानीय विधायक सुधीर शर्मा ने राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर सभी को बधाई देते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने व्यवस्था परिवर्तन का संकल्प लेकर विपरीत परिस्थितियों में इस दौरान ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। 
कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया।
धर्मशाला में दिखी मिनी हिमाचल की झलक
राज्य सरकार का एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने के अवसर पर धर्मशाला में मिनी हिमाचल की झलक देखने को मिली। अलग-अलग जिलों से आए कलाकारों ने अपनी-अपनी समृद्ध संस्कृति का परिचय दिया। मुख्यमंत्री ने प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला को कांगड़ा पेंटिंग व शॉल-टोपी भेंट कर सम्मानित किया।
इससे पहले युद्ध स्मारक धर्मशाला पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा ट्रेंड्स मॉल से सभा स्थल तक पैदल रोड शो भी निकाला गया, जिसमें सैंकड़ों की संख्या में लोग शामिल हुए। बड़ी संख्या में लोग अपने-अपने जिलों के पारंपरिक परिधान पहनकर रोड शो में शामिल हुए।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed