BJP करती है धर्म की राजनीति; बीजेपी वालों से बड़े हिंदू हम हैं, इसके लिए किसी के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं – विक्रमादित्य सिंह

प्रतिभा सिंह ने जिला-ब्लॉक अध्यक्षों से 11 दिसंबर के समारोह को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान

शिमला: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने पार्टी के जिलाध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों से कांग्रेस सरकार के एक साल का कार्यकाल पूरा होने पर धर्मशाला में 11 दिसम्बर के समारोह को ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा है कि प्रदेश सरकार का एक साल का यह कार्यकाल भले ही चुनौतियों भरा रहा है पर मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार ने इन चुनौतियों पर सफलतापूर्वक पार पाया है। 

आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला व ब्लॉक अध्यक्षों की एक बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन बहाल कर अपनी पहली गारंटी पूरी कर दी है। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने की दिशा में भी सरकार तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो कहती है उसे पूरा करती है।  कांग्रेस सरकार अपनी सभी गारंटियों को चरणबद्ध ढंग से पूरा करेगी।

प्रतिभा सिंह ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिए अभी से कमर कसने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पूरी तरह मजबूत है । उन्होंने कहा कि वह जल्द ही प्रदेश के सभी जिलों का दौरा कर कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगी। उन्होंने कहा कि पार्टी के कर्मठ कार्यकर्ताओं को सरकार में मान सम्मान मिले उसके प्रयास तेज किये जायेंगे। उन्होंने कहा कि इस बारे मुख्यमंत्री  सुक्खू व प्रदेश मामलों के प्रभारी राजीव शुक्ला के साथ बैठक की जाएगी।

इससे पूर्व लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हमें अन्य राज्यों में हुए चुनाव परिणामों से विचलित होने की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस संगठन भी बहुत मजबूत है और प्रदेश सरकार भी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पूर्व भाजपा शासनकाल में कांग्रेस में मण्डी संसदीय सीट के साथ साथ तीन विधानसभा उप चुनावों में शानदार जीत हासिल की थी। उन्होंने कहा उसके बाद पिछले साल कांग्रेस ने विधानसभा चुनावों में शानदार जीत हासिल कर भाजपा को सत्ता से बाहर किया है।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल में कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ होती है और उन्ही के बल में कोई भी दल सत्ता में आता है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान मिले यह सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को भारी आपदा का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि अकेले लोक निर्माण विभाग को 5000 करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अपने संसाधनों से राहत व पुनर्निर्माण कार्यों को कर रही है।

विक्रमादित्य सिंह ने आगामी लोकसभा चुनावों के लिये योजनाबद्ध ढंग से फील्ड में उतरने व भाजपा  के दुष्प्रचार का मुंह तोड़ जवाब देने को कहा।

वहीं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने वीरवार को शिमला में मीडिया द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि हिमाचल की भौगोलिक परिस्थितियां अन्य राज्यों से अलग हैं। ऐसे में जिस तरह से भाजपा मध्य भारत के साथ अन्य प्रांतों में हिंदुत्व का कार्ड चलाने की कोशिश करती है, वह हिमाचल में नहीं चलने वाला। विक्रमादित्य ने कहा कि बीजेपी धर्म को राजनीति में लाने की कोशिश करती है। लेकिन हमारी अपनी देव संस्कृति है। हम उससे आगे बढ़कर काम करते हैं। उन्होंने कहा कि यहां देव समाज है, देव नीति है और हम पूर्वजों से देव समाज को मजबूत करते आए हैं तथा आगे भी करते आएंगे। इसे राजनीति दृष्टि से देखने की जरूरत नहीं है। यह हमारी आस्था है, हमारा विश्वास है, जो हमेशा कायम रहेगा। उन्होंने कहा कि सबसे बड़े हिंदू हम हैं और इसके लिए किसी के प्रमाण पत्र की जरूरत नहीं है।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव संगठन रजनीश किमटा ने कहा कि 11 दिसम्बर को धर्मशाला में होने वाले समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी के सभी पदाधिकारियों पर बहुत बड़ी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि सरकार का एक साल मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में उल्लेखनीय रहा है। सरकार अपनी नई सोच के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस नेतृत्व व सरकार बहुत ही मजबूत है और मजबूती के साथ आगे बढ़ रही है। उन्होंने पार्टी के सभी पदाधिकारियों से एकजुट होकर कार्य करने का आग्रह करते हुए कहा कि सभी ब्लॉक अध्यक्ष अपनी अपनी बूथ कमेटियों की सूची प्रदेश कांग्रेस कार्यालय को भेजे। इसके अतिरिक्त सभी ब्लॉकों में पार्टी के जर्नल हाउस,आम सभाओं की बैठकें आयोजित कर इसकी पूरी रिपोर्ट भी प्रदेश कांग्रेस कार्यलय को जल्द भेजें।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed