शिमला: पिकअप खाई में गिरी, 6 मजदूरों की मौत, छह घायल

मुख्यमंत्री ने शिमला के सुन्नी में हुए सड़क हादसे पर किया शोक व्यक्त 

शिमला :शिमला जिले के सुन्नी उपमंडल के कुधारघाट में एक सड़क हादसे में छह मजदूरों की मौत हो गई। हादसा किंगल बसंतपुर सड़क पर डुमैहर पंचायत क्षेत्र में हुआ है। बताया जा रहा है कि मजदूर मंडी से सुन्नी आ रहे थे। कुधारघाट के पास गाड़ी (एची 63 0231) अनियंत्रित होकर 200 फीट गहरी खाई में जा गिरी।   हादसे में पिकअप के परखच्चे उड़ गए। गाड़ी में 12 लोग सवार थे। तीन मजदूरों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि तीन की अस्पताल में मौत हो गई। हादसे में छह लोग घायल हुए हैं। इनका आईजीएमसी अस्पताल में उपचार चल रहा है।

मृतकों की पहचान गुलम हसन निवासी कुलगाम जम्मू कश्मीर, शमीर निवासी कुलगाम जम्मू कश्मीर, तालिब निवासी कुलगाम जम्मू कश्मीर, फरीद अहमद निवासी कुलगाम जम्मू कश्मीर, गुलजार निवासी कुलगाम जम्मू कश्मीर और मुश्ताक निवासी कुलगाम जम्मू कश्मीर के तौर पर हुई है। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एसपी सुनील नेगी ने इसकी पुष्टि की है।

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने आज शिमला जिले के सुन्नी उपमंडल के कुधारघाट में एक सड़क हादसे में अमूल्य मानव जीवन की क्षति पर गहरा दुःख व्यक्त किया है। इस सड़क हादसे में 6 लोगों की मृत्यु और 6 लोगों के घायल होने की सूचना है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को मृतकों के परिजनों को तत्काल राहत प्रदान करने और घायलों को बेहतर उपचार प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की है।

ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिजनों को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed