विधानसभा घेराव करने जा रहे आप कार्यकर्ताओं व पुलिस में धक्का-मुक्की
विधानसभा घेराव करने जा रहे आप कार्यकर्ताओं व पुलिस में धक्का-मुक्की
हिमाचल: प्रदेश विधानसभा परिसर तपोवन से करीब एक किलोमीटर दूर जोरावर स्टेडियम में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस कर्मियों के बीच हल्की झड़प हो गई। झड़प में कई कार्यकर्ता घायल हुए हैं। एक कार्यकर्ता को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया है। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता तपोवन विधानसभा का घेराव करने जा रहे थे। पुलिस ने इन्हें जोरावर स्टेडियम के पास रोका तो झड़प हो गई। जानकारी के अनुसार पुरानी पेंशन बहाली, बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के विरोध में आम आदमी पार्टी ने तपोवन विधानसभा का घेराव करने का एलान किया था। पार्टी के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता के नेतृत्व में रैली निकाली गई। रैली जोरावर स्टेडियम के प्रवेश द्वार पर पहुंची तो भारी संख्या में मौजूद पुलिस कर्मियों ने इसे रोकने का प्रयास किया।
कार्यकर्ता सड़क पर धरने पर बैठ गए। काफी देर बाद उन्होंने फिर विधानसभा की ओर जाने का प्रयास किया। इस पर दोनों पक्षों में धक्कामुक्की हो गई। कार्यकर्ताओं को रोकने के लिए पुलिस को बीच-बीच में हल्का बल इस्तेमाल करना पड़ा। आप कार्यकर्ताओं ने जोरावर स्टेडियम में बेरिकेड्स को नीचे गिरा दिया। धक्कामुक्की में एक महिला को पैर में चोट आई है। एक अन्य व्यक्ति घायल हुआ, जिसे एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। आप के प्रदेश प्रभारी रत्नेश गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं से पुलिस की धक्कामुक्की गलत है। वे विधायकों से मिलने आए थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया।