हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के लिए पंजीकरण 25 जुलाई से

  • केवल पंजीकृत बच्चों को ही कार्यक्रम में भाग लेने की अनुमति

अंबिका/शिमला: हिमाचल प्रदेश विज्ञान और पर्यावरण परिषद् (हिमकोस्टी), विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार व सर्व शिक्षा अभियान के समन्वय से 10-17 वर्ष की आयु के बच्चों को उनकी रचनात्मकता और नवीनता प्रदर्शित करने के उद्देश्य से 27वीं हिमाचल प्रदेश बाल विज्ञान कांग्रेस का आयोजन कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश विज्ञाव प्रौद्योगिकी और पर्यावरण राज्य के स्कूली बच्चों के बीच 1996 से वैज्ञानिक और तकनीकी नवाचारों को बढ़ावा दे रहा है ताकि युवाओं के मन में छिपी प्रतिभा को बाहर लाया जा सके।

हिमकोस्टी के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि इस कांग्रेस के अन्तर्गत छः प्रकार की गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिनमें विज्ञान गतिविधि कॉर्नर, वैज्ञानिक परियोजना प्रतियोगिता, अभिनव विज्ञान मॉडल, विज्ञान प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता, गणितीय ओलंपियाड और विज्ञान स्किट शामिल हैं। इस वर्ष चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का विषय ‘स्वच्छ और स्वस्थ राष्ट्र के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार’ है। इस वर्ष का केन्द्र बिन्दु ठोस आपशिष्ट् प्रबन्धन और नवीकरणीय ऊर्जा है।

उन्होंने कहा कि उप-मण्डल स्तर पर बच्चों के लिए चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस का आयोजन 13 अगस्त से 15 अगस्त, 2019 के बीच जिला स्तर पर, 14 अक्तूबर से 24 अक्तूबर और राज्य स्तर पर 4 नवंबर से 7 नवंबर के बीच किया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश चिल्ड्रन साइंस कांग्रेस के लिए वेब पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण  25 जुलाई, 2019 से शुरू होगा। केवल पंजीकृत बच्चों को ही इस कार्यक्रम में भाग लेने की अनुमति दी जाएगी।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *