शिमला : प्रदेश कांग्रेस महासचिव व शिमला ग्रामीण के विधायक विक्रमादित्य सिंह ने हरीश जनार्था के पुनः कांग्रेस पार्टी में शामिल किए जाने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा है कि जनार्था के कांग्रेस में शामिल करने से शिमला संसदीय क्षेत्र में पार्टी को मजबूती मिलेगी। एक बयान में विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतर गई है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह प्रदेश में चुनाव प्रचार में जुट गए है। उन्होंने अब तक प्रदेश की तीन लोकसभा सीटों पर पहले चरण का चुनावी दौरा पूरा कर लिया है, जबकि मंडी संसदीय क्षेत्र का चुनावी दौरा भी जल्द करेंगे।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने चारों लोकसभा सीटों पर मजबूत और सशक्त उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतारे हैं। प्रदेश में भाजपा कांग्रेस प्रत्याशियों के बारे में जो बयानबाजी कर रही हैं, वह उनकी अंदरूनी बौखलाहट दर्शाती है। भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती का कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग उनकी बीमार मानसिकता का परिचायक है। असल में भाजपा प्रदेश में अपनी हार देख तनाव में है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी सीट को लेकर परेशान हैं तो पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल हमीरपुर सीट को लेकर। शिमला ओर कांगड़ा में तो पहले ही भाजपा ने अपनी हार सामने देख वर्तमान सांसदों को घर बिठा दिया है। साफ है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी चारों सीटों पर मजबूत है।