- मुख्यमंत्री ने धर्मशाला में युद्ध स्मारक कार्य का किया निरीक्षण
शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज धर्मशाला स्थित युद्ध स्मारक के समीप निर्माणाधीन युद्ध संग्रहालय के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। हिमाचल प्रदेश लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियन्ता ने मुख्यमंत्री को किए जा रहे निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी दी। मुख्यमंत्री ने सम्बन्धित अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। इससे पूर्व, मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत में कहा कि प्रदेश में सभी क्षेत्रों में विशेषकर, पूर्ण राज्यत्व प्राप्त करने के उपरांत अभूतपूर्व विकास किया है, और हिमाचल प्रदेश आज देश भर में विकास के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश में विपक्ष की भूमिका पर पूछे गए एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष रचनात्मक भूमिका निभाने में असफल रहा है और वह नकारात्मक गतिविधियों में शामिल है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर स्थानीय परिधि गृह में जन शिकायतें भी सुनी।