प्रदेश का विकास वीरभद्र सिंह की देन : प्रतिभा सिंह

हिमाचल: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा है कि  प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद दाड़लाघाट सहित प्रदेश में निजी ट्रक ऑपरेटरों सहित इस व्यवसाय से जुड़े लोगों के हित सुरक्षित किये जाएंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेश में कर्मचारियों की ओल्ड पेंशन भी बहाल करेगी। बेरोजगार युवाओं के लिये एक स्टार्टअप योजना शुरू की जाएगी,जिससे वह स्व रोजगार शुरू कर सकें।

आज अर्की निर्वाचन क्षेत्र के दाड़लाघाट में पार्टी प्रत्याशी संजय अवस्थी के पक्ष में चुनावी जनसभा को सम्बोधित करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस लोगों की समस्याओं को भली भांति समझती व महसूस करती है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में पुलिस भर्ती पेपर लीक नहीं हुआ,इसे बेचा गया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के भ्रष्टाचार का घड़ा भर चुका है और अब इसकी सत्ता से विदाई तय है। 

प्रतिभा सिंह ने लोगों से किसी के बहकावे के प्रति सचेत करते हुए कहा कि संजय अवस्थी कांग्रेस के प्रत्याशी है और उन्हें भारी मतों से जीता कर विधानसभा में भेंजे जिससे इस क्षेत्र की मजबूत आवाज बुलंद हो सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास वीरभद्र सिंह की देन रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी वीरभद्र सिंह के नाम का दुरुपयोग नहीं कर सकता। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने विधायक के तौर पर इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने इस क्षेत्र में अनेक विकास कार्य किये,जिन्हें हमेशा याद रखा जाएगा। 

इससे पूर्व संजय अवस्थी ने लोगों से उन्हें अपना पूरा समर्थन देने का आग्रह करते हुए कहा कि वह क्षेत्र के विकास के प्रति पूरी तरह समर्पित है। 

——————————

बिलासपुर विधानसभा क्षेत्र के देवली में पार्टी प्रत्याशी बम्बर ठाकुर के पक्ष में जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि बम्मर ठाकुर पार्टी के एक मजबूत नेता है। उन्होंने  लोगों से उन्हें भारी मतों से जिताने का आह्वान करते हुए कहा की भाजपा ने अच्छे दिनों के सपने दिखा कर लोगों को गुमराह  किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार ने 70 हजार करोड़ से अधिक कर्ज में डुबो दिया है। डबल इंजन सरकार का दावा करने वाली भाजपा के इंजन पटरी से उतर गए हैं। 

प्रतिभा सिंह ने कहा कि वर्तमान में भाजपा विधायक इस क्षेत्र में कोई भी विकास कार्य करवाने में असफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि बिलासपुर में एम्स की स्थापना में वीरभद्र सिंह का विशेष योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि इसके निर्माण के लिये अधोसंरचना वीरभद्र सिंह ने ही रखी थी। 

इससे पूर्व बम्बर ठाकुर ने सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि बिलासपुर के लोगों ने जो प्यार व सम्मान उन्हें दिया है उसके वह सदैव आभारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व में विधायक रहते हुए उन्होंने इस क्षेत्र के विकास में कोई कोर कसर बाकी नहीं रखी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी वह इस क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पित रहेंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed