मुख्यमंत्री लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं : विक्रमादित्य सिंह

शिमला: कांग्रेस महासचिव विधायक विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि प्रदेश विधानसभा चुनावों में कांग्रेस पूर्ण बहुमत से अपनी सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर कांग्रेस के विजयी रथ को नहीं रोक सकते। उन्होंने कहा है कि प्रदेश के लोगों ने चार उप चुनावों में भाजपा को करारी हार देकर उनके अहम को तोड़ा था,अब भाजपा की सत्ता से विदाई होनी तय है।

विक्रमादित्य सिंह ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर जिसमें उन्होंने कहा है कि वह कांग्रेस को सत्ता में नहीं आने देंगे,पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि मुख्यमंत्री लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उनका यह बयान आदर्श आचार संहिता का भी उल्लंघन करता है और चुनाव आयोग को इस बयान का कड़ा संज्ञान लेते हुए उन पर कार्यवाही करनी चाहिए। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री सत्ता का दुरुपयोग कर लोगों को डराने का असफल प्रयास कर रहे हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि प्रदेश में भाजपा का तंबू उखड़ने जा रहा है और इसके नेता चुनावी रैलियों में रो रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा को इससे कोई भी लाभ नहीं होने वाला। लोग भाजपा के घड़याली आंसुओं को भली भांति समझ चुके हैं। इसके नेताओं ने कभी भी बढ़ती महंगाई व बेरोजगारी पर अपनी जुबां तक नहीं खोली।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन बहाल करेगी। उन्होंने कहा कि बेरोजगार युवाओं के लिए अपना रोजगार शुरू करने के लिये एक स्टार्टअप योजना शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस अपने सभी चुनावी वादों को पूरा करेगी।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed