कार्यकर्ताओं का पहला काम -हर घर को आम आदमी पार्टी से जोड़ना ताकि संगठन मजबूत बने और एक नया हिमाचल बन सके : केजरीवाल

हिमाचल: आम आदमी पार्टी की रैली आज सोलन में आयोजित हुई, जिसमें दिल्ली के सीएम और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल आने वाले थे लेकिन बारिश की वजह से सीएम अरविंद केजरीवाल सोलन नहीं पहुंच पाए। केजरीवाल सोलन के ठोडो मैदान में संगठन प्रमुखों, उप प्रमुखों और सचिवों के शपथ ग्रहण समारोह में वर्चुअल माध्यम से जुड़े।

मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 75 सालों में आज देश आगे नहीं बढ़ पाया है। इतने सालों में भाजपा और कांग्रेस ने अगर कुछ किया होता तो आज दुनिया का नंबर वन देश भारत होता। उन्होंने कहा कि आज की शपथ एक निष्ठावान कार्यकर्ता के  रूप में कार्यकर्ताओं ने ली है। उन्होंने कहा कि अब कार्यकर्ताओं को गांव-गांव, घर-घर जाकर लोगों को यह बात समझानी है कि आम आदमी पार्टी ही एक विकल्प है हिमाचल में विकास को आगे बढ़ाने का। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के पास विकास का कोई भी फार्मूला नहीं है, लेकिन आम आदमी पार्टी के पास विकास करने, महंगाई को खत्म करने, बेरोजगारी को खत्म करने का फार्मूला भी है। उन्होंने कहा कि अगर हिमाचल के लोग अच्छी सड़क,अच्छी बिजली सुविधा, रोजगार और महंगाई जैसी समस्या को खत्म करना चाहते हैं तो एक मौका हिमाचल की जनता, आम आदमी पार्टी को दें। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया है कि वह नया हिमाचल बनाने के लिए घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें। उन्होंने कहा कि जिस तरह से पंजाब और दिल्ली में विकास हो रहा है उसी तर्ज पर हिमाचल में भी विकास जरूर होगा। अरविंद केजरीवाल ने कहा कि कार्यकर्ताओं का पहला काम हर घर को आम आदमी पार्टी से जोड़ना है ताकि संगठन मजबूत बने और एक नया हिमाचल बन सके।

वर्चुअल संबोधन में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि पंजाब में 2014 तक जिस पार्टी का एक कार्यकर्ता नहीं था। आज वहां 117 में से 92 विधायकों के साथ पार्टी ने सरकार बनाई है। इसलिए कहा जाता है कि आम आदमी पार्टी में आम कार्यकर्ता को मौका दिया जाता है। दूसरी पार्टी में परिवार और रिश्तेदारों को। मैं एक टीचर का बेटा था, आज सीएम हूं। भगवंत मान ने कहा कि केजरीवाल ने देश की राजनीति को बदलकर रख दिया है। देश के क्रांतिकारी मुख्यमंत्रियों में उनका नाम आता है। कहा कि जो सिस्टम के खिलाफ बोलता है, उसे सिस्टम का फायदा उठाने वाले परेशान करते हैं। पंजाब में भी वही हुआ। कार्यकर्ताओं पर एफआईआर की गई, रैलियां नहीं कर पाए, मगर फिर भी जनता ने साथ दिया और सरकार बनाई।

आम आदमी पार्टी के पंजाब के राज्यसभा सांसद और हिमाचल के सह प्रभारी संदीप पाठक ने कहा कि 15 दिन में प्रदेश में एक लाख से ज्यादा लोगों को पार्टी से जोड़ा जाएगा। इसके लिए संगठन प्रमुखों, उपप्रमुखों और सचिवों को हर पंचायत में जाना होगा। इसे लेकर उन्होंने शपथ दिलाई गई है। कहा कि सभी प्रमुखों को एक बैग दिया जाएगा। वह बैग नहीं, जादू की पोटली है। इसमें कार्यकर्ताओं के लिए पार्टी प्रचार के लिए सामान है। इसे अपना हथियार बनाएं और घर-घर जाकर केजरीवाल की नीतियों को पहुंचाएं।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed