लद्दाख में सेना के जवानों से भरी बस श्योक नदी में गिरी,7 जवानों की मौत

लद्दाख : लद्दाख में 26 जवानों से भरी बस नदी में गिर गई है। इस हादसे में सेना के सात जवानों की मौत हो गई है और कई जवान घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के तुरंत बाद जवानों का रेस्क्यू कर लिया गया था। उन्हें अस्पताल में एडमिट भी करवाया गया, लेकिन हादसे में सात जवानों की मौत हो गई और कई को गहरी चोटें भी आई हैं।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह करीब नौ बजे 26 जवानों का एक दल बस में सवार होकर परतापुर स्थित ट्रांजित कैंप से आगे जा रहा था। हनीफ सेक्टर की ओर जा रही ट्रक जब थोइस से करीब 25 किलोमीटर दूर पहुंचा तो अचानक बस चालक से असंतुलित होकर सड़क से करीब 90 फीट नीचे श्योक नदी में फिसल कर गिर गई। आसपास के लोगों और पुलिस व सेना के जवानों ने मिलकर रेस्क्यू आपरेशन चलाया। नदी में गिरे सभी जवानों को निकाला गया। इनमें से सात जवानों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। बाकी 19 घायलों में कई की हालत गंभीर है। सभी को पहले परतापुर के 403 फील्ड अस्पताल पहुंचाया गया। सेना के पीआरओ ले. कर्नल एमरान मुसाबी ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी को भारतीय वायु सेना के विशेष विमान से चंडीगढ़ भेज दिया गया। वहां सभी का उपचार अब सैन्य अस्पताल में चल रहा है। मृतक जवान और घायलों के नाम और पते की जानकारी अभी नहीं मिली है। बताया जा रहा है कि नोबरा के लरगयाब पच्छाथांग में दुर्घटनाग्रस्त बस का नंबर जेके10-6245 है। इसे लद्दाख के चांगमार इलाके का रहने वाला अहमद शाह चला रहा था। इस मामले में लेह पुलिस ने नोबरा थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed