विधानसभा सदन में मुख्यमंत्री जयराम ने जानकारी देते हुए कहा- प्रदेश के 441 विद्यार्थी सकुशल वापस पहुंचे, नौ की जल्द होगी वतन वापसी

हिमाचल: प्रदेश विधानसभा सदन में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को कहा कि प्रदेश के 441 विद्यार्थी यूक्रेन से सकुशल वापस पहुंच चुके हैं। यूक्रेन के पड़ोसी देशों में सुरक्षित पहुंचे आठ विद्यार्थी फिलहाल वापस भारत नहीं आना चाहते। सीएम ने कहा कि अब प्रदेश के केवल नौ विद्यार्थी वापस आने शेष हैं। इनमें से सात पोलैंड या रोमानिया पहुंच चुके हैं। यूक्रेन के सूमी शहर में प्रदेश के दो ही विद्यार्थी फंसे थे। विदेश मंत्रालय की सूचना के अनुसार सूमी क्षेत्र में फंसे सभी भारतीयों को निकाल लिया गया है और पश्चिमी सीमा की तरफ ले जाया जा रहा है। उन्हे भी ऑपरेशन गंगा के तहत विशेष उड़ानों के माध्यम से वापस भारत पहुंचाया जाएगा। ऐसे में प्रदेश के नौ विद्यार्थी भी वापस पहुंच जाएंगे।

सीएम ने कहा कि भारत सरकार के भरसक प्रयासों से प्रत्येक भारतीय की सकुशल वापसी सुनिश्चित हो रही है। इसके लिए उन्होंने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त किया। कहा कि प्रदेश सरकार विदेश मंत्रालय, यूक्रेन व पड़ोसी देशों में फंसे प्रदेश के विद्यार्थियों व उनके परिवारों से लगातार संपर्क में है।

 

सम्बंधित समाचार

Comments are closed