अनुराग ठाकुर का जवाब, कहा- नेतृत्वहीन कांग्रेस आर्थिक आंकड़ों की हेराफेरी से फैलाना चाहती है सनसनी

दिल्ली में खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2023: 1350 से अधिक एथलीट 276 स्वर्ण पदकों के लिए करेंगे प्रतिस्पर्धा

खेलो इंडिया पैरा गेम्स से भारत को 2030 तक एशियाई पैरा खेलों में 200 से अधिक पदक जीतने में मदद मिलेगी:  अनुराग ठाकुर

खेलो इंडिया पैरा गेम्स सभी एथलीटों को उनकी क्षमताओं से परे समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है

खेलो इंडिया पैरा गेम्स 10-17 दिसंबर के दौरान दिल्ली में आयोजित किए जा रहे हैं

 नई दिल्ली: केन्द्रीय युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने 11 दिसंबर 2023 को नई दिल्ली में आयोजित पैरा खेलो इंडिया गेम्स के उद्घाटन समारोह में कहा कि पैरा खेलो इंडिया गेम्स देश को 2030 तक एशियाई पैरा खेलों में 200 से अधिक पदक के लक्ष्य को हासिल करने में मदद करेगा।

अनुराग सिंह ठाकुर ने उद्घाटन समारोह में औपचारिक रूप से खेलो इंडिया पैरा गेम्स 2023 की शुरुआत की घोषणा की।

अनुराग ठाकुर ने खेलो इंडिया पैरा गेम्स की शुरुआत की घोषणा करने से पहले पैरा गेम्स के दिग्गज खिलाड़ियों दीपा मलिक, भाविना पटेल, सुमित अंतिल एवं अन्य के साथ मशाल रिले में भाग लिया।

 अनुराग ठाकुर ने कहा, “यह भारतीय खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है क्योंकि पहली बार खेलो इंडिया पैरा गेम्स राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित किए जा रहे हैं जो देश के खेल इकोसिस्टम में एक नए आंदोलन की शुरुआत करेंगे। यह पहल सभी एथलीटों को उनकी क्षमताओं से परे समान अवसर प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। खेलो इंडिया पैरा गेम्स नए भारत का प्रतीक है।”

सभी प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करते हुए,अनुराग ठाकुर ने कहा, “यहां आकर भाग लेने के आपके प्रयासों को जानना बेहद गर्व की बात है। एथलीटों और अधिकारियों सहित 3000 से अधिक लोग इन खेलों में हिस्सा लेने के लिए यहां आए हैं और कुल 276 स्वर्ण पदक पर दांव पर होंगे। मैं प्रत्येक एथलीट को शुभकामनाएं देता हूं।”

युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के प्रयासों की सराहना करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल राज्यमंत्री  निसिथ प्रमाणिक ने कहा, “हम प्रधानमंत्री  नरेन्द्र मोदी  के आभारी हैं, जिन्होंने विकलांग शब्द के स्थान पर दिव्यांग शब्द का प्रयोग लागू किया तथा उन्होंने विकलांग शब्द का प्रयोग न करके उन्हें दिव्यांग कहने पर जोर दिया। यह उनका दूरदर्शी प्रयास ही है, जो लोगों को अपनी सोच बदलने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है।”

उन्होंने आगे कहा, “मैं खेलो इंडिया कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय खेलों को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के प्रयासों के लिए अनुराग ठाकुर और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पूरी टीम को भी बधाई देता हूं।”

खेलो इंडिया पैरा गेम्स के आयोजन के पीछे केंद्र सरकार का उद्देश्य सभी पैरा एथलीटों को सशक्त बनाना है। सरकार ने दिव्यांगों के कल्याण के लिए कई प्रमुख परियोजनाएं शुरू की हैं।

इस रंगारंग कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड द्वारा शानदार प्रदर्शन किया गया, जिसकी धुन ने देशभक्ति का संचार किया। साई के अधिकारियों द्वारा कालबेलिया नृत्य का प्रदर्शन भी किया गया, जिसके बाद ‘वी आर वन’ समूह के नृत्य कलाकारों द्वारा एक दमदार प्रस्तुति की गई, जिसमें पैरा नृत्य को दर्शाया गया। उद्घाटन समारोह में खेल गान ने धूम मचा दी, जबकि ‘एवोल्यूशन ऑफ पैरा गेम्स’ विषय पर एक एलईडी नृत्य प्रदर्शन ने दर्शकों को लुभाया।

आरंभिक खेलो इंडिया पैरा गेम्स का आयोजन तीन स्थानों – इंदिरा गांधी स्टेडियम, जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम और कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में किया जा रहा है। प्रतियोगिता सात पैरा खेलों एथलेटिक्स, शूटिंग, तीरंदाजी, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस और वेटलिफ्टिंग में आयोजित की जाएगी। भारत के कुछ शीर्ष अंतरराष्ट्रीय पैरा सितारे जैसे शीतल देवी, भावना पटेल, अशोक और अन्य इसमें हिस्सा लेंगे।

खेलो इंडिया यूथ गेम्स और खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स की अपार सफलता के बाद अब खेलो इंडिया पैरा गेम्स का आयोजन किया जा रहा है। पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया पैरा गेम्स को लेकर राष्ट्रीय राजधानी में जश्न का माहौल है। सप्ताह भर चलने वाला यह खेल महोत्सव समावेशिता का प्रतीक होने के साथ-साथ मानवीय गरिमा की भावना को भी प्रदर्शित करेगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed