बिलासपुर: आरएसएस ने देश को संगठित करने का कार्य किया है – कंगना रणौत

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश के प्रभावशाली लोग सोशल मीडिया पर बेहतरीन काम कर रहे हैं। विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों से युवा हिमाचल की संस्कृति और सुंदरता को विश्व भर लोगों के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं। यह बात अभिनेत्री कंगना रनौत ने बिलासपुर में आयोजित राज्य स्तरीय सोशल मीडिया मीट में कही। कंगना ने कहा कि सभी प्रभावशाली लोग जानते हैं कि वे अपने विचारों से लोगों को किस हद तक प्रभावित कर सकते हैं।

अभिनेत्री कंगना रणौत ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) ने देश को संगठित करने का कार्य किया है। स्थापना से लेकर आज तक संघ ने लोगों में सनातन की चेतना जगाई है।  कंगना ने कहा कि आरएसएस के प्रति उनकी उत्सुकता बहुत पहले से रही है। कंगना ने कहा कि उनकी क्रांतिकारी विचारधारा कहीं न कहीं आरएसएस से मिलती है। बचपन में आरएसएस से जुड़ने का सौभाग्य नहीं मिला, लेकिन बाद में संगठन को जानने का मौका मिला। कंगना ने कहा कि सोशल मीडिया पर हिमाचल प्रदेश के इन्फ्लुएंसर बेहतरीन कार्य कर रहे हैं।  विभिन्न सोशल मीडिया माध्यमों से युवा हिमाचल की संस्कृति और सुंदरता को विश्व भर लोगों के सामने प्रस्तुत कर रहे हैं। सभी इन्फ्लुएंसर जानते हैं कि वह किस हद तक लोगों को अपने विचारों से प्रभावित कर सकते हैं। इसका प्रयोग बेहतर ढंग से किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक समय था जब हिमाचल के प्रति लोगों को दृष्टिकोण अलग था। लोग नहीं जानते थे कि हिमाचल की संस्कृति कितनी समृद्ध है, लेकिन आज यह दृष्टिकोण बदल चुका है और इसका श्रेय हिमाचल के इन्फ्लुएंसर को जाता है।

 कार्यक्रम में राज्य भर से सैकड़ों सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स ने भाग लिया। इस सोशल मीडिया मीट में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील अम्बेकर, हिमाचल प्रदेश कार्यवाह डॉ. किस्मत कुमार भी मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहे। विधायक जीतराम कटवाल, त्रिलोक जमवाल, रणधीर शर्मा, कमल ठाकुर, शिवम ठाकुर और प्रद्युमन सहित आरएसएस के कार्यकर्ता इस दौरान मौजूद रहे। इसके बाद कंगना रणौत ने बिलासपुरी धाम का भी आनंद लिया।

कार्यक्रम का आयोजन विश्व संवाद केंद्र शिमला द्वारा किया गया।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed