मुख्यमंत्री ने दी रोहडू विधानसभा क्षेत्र को दो सौ करोड़ की सौगात

  • पब्बर नदी के तटीकरण की रखी आधारशिला
  • कांसाकोटी में 2.16 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले 22 केवी विद्युत उप-केन्द्र की आधारशिला रखी

शिमला : मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने शिमला जिले के रोहडू विधानसभा क्षेत्र के दूसरे दिन के प्रवास के दौरान आज मांदली में 191 करोड़ रूपये की लागत से पब्बर नदी तटीकरण कार्य की आधारशिला रखी। इस नदी का टिक्करी से हाटकोटी तक तटीकरण किया जाएगा। इससे 177.68 हेक्टेयर भूमि कृषि योग्य बनेगी और क्षेत्र की 2000 से अधिक जनसंख्या लाभान्वित होगी। तटीकरण के पूरा होने पर पब्बर नदी पर बाढ़ इत्यादि से होने वाले 662 करोड़ रूपये के नुकसान की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। इसके अतिरिक्त, तटीकरण से क्षेत्र की 19 जलापूर्ति योजनाएं, 6 पुल तथा दो जल विद्युत परियोजनाएं जो नदी के कारण खतरे के दायरे में हैं, को संरक्षण मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने रोहडू के कांसाकोटी में 2.16 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले 22 केवी विद्युत उप-केन्द्र की आधारशिला रखी, इससे क्षेत्र की 16 पंचायतों के 50 गांवों की 25 हजार से अधिक जनसंख्या लाभान्वित होगी। इसके अतिरिक्त, इस केन्द्र के बनने से कम वोल्टेज की समस्या तथा बिजली अवरूद्धता व वितरण के दौरान होने वाले नुकसान से भी निजात मिलेगी। वीरभद्र सिंह ने वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्रा) दशालनी में 1.77 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाले अतिरिक्त भवन की आधारशिला रखी। उन्होंने 4.85 करोड़ रूपये की लागत से बनने वाली बडियारा-टिक्कर-डिसवानी सड़क तथा 4.5 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित होने वाले कनवारा-खशकण्डी सड़क का भूमि-पूजन भी किया।

मुख्यमंत्री ने रोहडू के समाला में 11 करोड़ रूपये की लागत से निर्मित इण्डोर स्टेडियम का लोकार्पण किया। इस स्टेडियम का निर्माण हिमुडा द्वारा 48500 वर्गफुट में किया गया है तथा इसमें 1000 लोगों के बैठने की क्षमता है। इससे पूर्व, रोहडू प्रेस क्लब के सदस्यों ने मुख्यमंत्री से भेंट की तथा क्लब के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए उनका आभार व्यक्त किया।

सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स, विधायक मोहन लाल बराक्टा, शिमला ग्रामीण कांग्रेस समिति के अध्यक्ष केहर सिंह खाची, जिला परिषद के अध्यक्ष चन्द्रेश्वर प्रसाद, बाल कल्याण परिषद की अध्यक्ष सुश्री राजकुमारी सोना, हिमुडा के उपाध्यक्ष यशवन्त छाजटा, नगर परिषद रोहडू के अध्यक्ष राज कुमार नीटू, ब्लॉक कांग्रेस समिति के अध्यक्ष ईश्वर दास छौहारू, महिला आयोग की सदस्या किरण दत्ता, वन विकास निगम के निदेशक मण्डल के सदस्य सुरेन्द्र रेक्टा, हि.प्र. राज्य औद्योगिक विकास निगम के निदेशक मण्डल के सदस्य देवेन्द्र खुराना, प्रदेश कांग्रेस समिति की महासचिव सुश्री गीता नेगी, शिमला संसदीय क्षेत्र के युवा कांग्रेस अध्यक्ष संजय ठाकुर, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी डी.के. रत्न, पुलिस अधीक्षक शिमला डी.डब्ल्यू. नेगी भी इस अवसर पर मुख्यमंत्री के साथ थे।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *