पन्ना प्रमुख सहित सभी कार्यकर्ता भाजपा की गतिविधियों की जानकारी गांव के सब लोगों तक पहुंचाएं : प्रो. धूमल
पन्ना प्रमुख सहित सभी कार्यकर्ता भाजपा की गतिविधियों की जानकारी गांव के सब लोगों तक पहुंचाएं : प्रो. धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को प्रधानमंत्री और देश के विरुद्ध फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब सच्चाई बता कर देने का आह्वान किया
टौणीदेवी : गांव गांव में पन्ना प्रमुख से लेकर प्रदेश स्तर तक कि कोई भी जिम्मेदारी निभा रहे कार्यकर्ता घर-घर और जन-जन तक प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्री, केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार, विधायक, स्थानीय नेता और पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा चलाई जा रही जन हितैषी गतिविधियों की जानकारी पहुंचाएं। शुक्रवार को भोरंज भाजपा मंडल की वर्चुअल बैठक में उपस्थित पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रोफेसर प्रेम कुमार धूमल ने यह बात कह। उन्होंने कहा कि जब काम अच्छा हो रहा होता है तो उसकी चर्चा भी समाज के मध्य करना जरूरी होती है। उन्होंने कहा कि आज एक मुश्किल दौर से विश्व देश समाज और मानव जाति गुजर रही है और इस सब के बीच केंद्र व प्रदेश सरकार सहित प्रदेश भाजपा व सभी कार्यकर्ता बढ़िया काम करके जनसेवा का उत्तम उदाहरण प्रस्तुत कर रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में बहुत सारी ऐसी शक्तियां हैं जो प्रधानमंत्री और देश की छवि को बदनाम करना चाहती हैं। एक निर्धारित एजेंडे के तहत बहुत से लोग संयुक्त रुप से इसे वैश्विक आपदा की मार में भी देश के यशस्वी प्रधानमंत्री के विरुद्ध दुष्प्रचार फैलाने से गुरेज़ नहीं कर रहे हैं। देश में दहशत का माहौल बनाने के लिए अफवाहें फैलाई जा रही हैं। संसाधनों और सुविधाओं से जरूरतमंद लोगों को वंचित रखने के लिए गहरे षड्यंत्र रचे जा रहे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री और देश को बदनाम करने के लिए फैलाए जा रहे दुष्प्रचार का जवाब सच्चाई बता कर देना चाहिए।
सेवा ही संगठन अभियान के दूसरे चरण में प्रदेश भाजपा की अगुवाई में पूरे प्रदेश में बढ़िया काम हो रहा है जिसके लिए पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश, ज़िला और मंडल भाजपा को साधुवाद दिया।