शिमला: सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स और उद्योग मुकेश अग्निहोत्री द्वारा 8 सितम्बर को शिमला से जारी प्रेस बयान में कहा कि सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स और उद्योग मंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भाजपा नेता राजीव बिंदल के उस बयान को हास्यास्पद बताया है जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से इस्तीफा देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि भाजपा नेता का बयान भाजपा की सत्ता के लिए भूख को दर्शाता है तथा हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की लोकतांत्रिक ढंग से चुनी गई लोकप्रिय सरकार को अस्थिर करने की बदनियत है।
स्टोक्स और अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह का आयकर से जुड़ा मामला आयकर अपीलीय प्राधिकरणों एवं माननीय न्यायालयों में विचाराधीन है। उन्होंने इस मामले के बेबुनियाद निष्कर्ष पर पहुंचने के लिए बिंदल की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि भाजपा को न्यायिक प्रक्रिया का सम्मान करना चाहिए और न्यायालय के निर्णय की धैर्यपूर्ण प्रतीक्षा करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह को परेशान एवं अपमानित करने के लिए भाजपा के ईशारे पर आयकर रिटर्न से जुड़े मात्र एक मामले की देश की तीन प्रमुख केन्द्रीय एजेंसियां द्वारा जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा वीरभद्र सिंह के विरूद्ध निराधार आरोप लगाकर मीडिया में सनसनी फैलाने की कोशिश कर रही है।
मंत्रियों ने कहा कि भाजपा नेतृत्व की केन्द्रीय सरकार की दबाव की नीति कांग्रेस के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता वीरभद्र सिंह के नेतृत्व वाली हिमाचल प्रदेश में लोकतांत्रिक तरीके से चुनी गई लोकप्रिय कांग्रेस सरकार को अस्थिर करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा इस तरह के असफल प्रयास पहले भी किए गए हैं जब राज्य भाजपा नेताओं द्वारा वीरभद्र सिंह के विरूद्ध झूठी एफआईआर दायर की गई थी, लेकिन वीरभद्र सिंह मुकदमें का सामना करने के उपरांत हर बार सभी मामलों में पाक साफ साबित होकर निकले हैं। वीरभद्र सिंह इन झूठे मुकदमों में सैशन ट्रायल का सामना करने के उपरांत सम्मानपूर्वक बहाल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस बार भी वह माननीय न्यायालयों से पाक साफ साबित होंगे।
स्टोक्स और अग्निहोत्री ने कहा कि वीरभद्र सिंह देश में सर्वाधिक लोकप्रिय कांग्रेस नेताओं में एक हैं और राज्य में एक स्थिर कांग्रेस सरकार का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सशक्त नेतृत्व में कांग्रेस सरकार राज्य के विकास तथा लोगों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इस सरकार ने भाजपा सरकार के कुशासन से लोगों को राहत पहुंचाई है। राज्य में कांग्रेस सरकार की लोकप्रियता से बौखलाए भाजपा के हताश नेता दुर्भावनापूर्वक दुष्प्रचार में जुटे हैं और मुख्यमंत्री के इस्तीफे तक की मांग करने लगे हैं। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह गत 54 वर्षों से सार्वजनिक जीवन में हैं, ऐसे कृत्य उनकी छवि को धूमिल करने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राज्य तथा केन्द्र के नेता मुख्यमंत्री के विरूद्ध षडयंत्र रचने में लगे हैं तथा राजनीतिक स्वार्थ के लिए जानबूझ कर मुख्यमंत्री को निशाना बना रहे हैं।
मंत्रियों ने कहा कि राज्य में कांग्रेस सरकार मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के नेतृत्व में सशक्त एवं स्थिर है और न केवल अपना वर्तमान कार्यकाल पूरा करेगी बल्कि राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव में भी विजय प्राप्त करेगी।