ब्लॉग

मण्डी: मनोनीत पार्षद को एडीसी ने दिलाई शपथ

मण्डी: सोमवार को नगर निगम मंडी कार्यालय के सभागार में हिमाचल प्रदेश सरकार के शहरी विकास विभाग द्वारा नगर निगम मंडी के लिए मनोनीत पार्षद सनी ईपन को एडीसी प्रियांशु खाती ने पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इस अवसर पर नगर निगम मंडी की मेयर सुमन ठाकुर, डिप्टी मेयर जितेंद्र शर्मा, नगर निगम की अतिरिक्त आयुक्त अपराजिता चंदेल, पार्षद सरिता हांडा, नर्मदा देवी, कृष्णा ठाकुर, वीरेंद्र सिंह आर्य, प्रदेश कांग्रेस महासचिव दीपक शर्मा सहित कांग्रेस पार्टी के अनेक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पार्षद को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

मण्डी शहर में पटाखे बेचने पर प्रतिबंध; ‘छोटा पड्डल मैदान’ में ही बेचे जा सकेंगे पटाखे; चौहट्टा बाजार में पटाखे चलाने पर रोक

मण्डी: जिला दंडाधिकारी मंडी, अपूर्व देवगन ने त्योहारों के सीजन में सार्वजनिक सुरक्षा को बनाए रखने के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत दो महत्वपूर्ण आदेश जारी किए हैं।
जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेशों के अनुसार
मंडी शहर के तंग बाजारों, गलियों और दुकानों के भीतर पटाखों तथा विस्फोटक सामग्रियों के भंडारण व बिक्री पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। पटाखों की बिक्री के लिए ‘छोटा पड्डल मैदान, मंडी’ को चिन्हित किया गया है।
आदेश में स्पष्ट किया गया है कि छोटा पड्डल मैदान में भी केवल वही दुकानदार पटाखे बेच सकेंगे जिनके पास प्रशासन द्वारा जारी वैध लाइसेंस होगा। बिना लाइसेंस या निर्धारित स्थान के अलावा कहीं भी पटाखे बेचते या भंडारण करते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ कानून के तहत तत्काल सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

एक अन्य आदेश में चौहट्टा बाजार में पटाखे या आतिशबाजी चलाने पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है क्योंकि मंडी शहर का चौहट्टा बाजार एक बेहद व्यस्त और भीड़भाड़ वाला क्षेत्र है। इस घनी आबादी वाले क्षेत्र में जान-माल की सुरक्षा को देखते हुए ये आदेश जारी किए गए है जो 9 नवंबर 2026 तक प्रभावी रहेगा।

सरकारी स्कूलों में 15 हजार शिक्षकों की नियुक्तियों का लक्ष्य – रोहित ठाकुर

खेलों में बेटियों की भागीदारी बढ़ाने पर जोर, धर्मपुर कॉलेज में बहुद्देशीय हॉल के लिए दो करोड़ देने की घोषणा*

धर्मपुर (मंडी):  शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार सरकारी स्कूलों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध करवाने और शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में शिक्षा विभाग में लगभग 10 हजार नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जबकि इस वर्ष पांच हजार अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्तियां करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होने पर कुल नियुक्तियों का आंकड़ा लगभग 15 हजार तक पहुंच जाएगा। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को विद्यालयों में बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध हो।

शिक्षा मंत्री सोमवार को मंडी जिला के सिद्धपुर स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में आयोजित 67वीं राज्यस्तरीय अंडर-19 छात्रा खेलकूद प्रतियोगिता के समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। चार दिवसीय प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 12 जिलों और तीन खेल छात्रावासों की लगभग 650 छात्रा खिलाड़ियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान कबड्डी, वॉलीबॉल, खो-खो, ठोडो और कुराश सहित विभिन्न खेलों में खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन किया।

रोहित ठाकुर ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक और मानसिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना विकसित होती है। प्रदेश की बेटियां खेलों के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं और अपनी प्रतिभा से हिमाचल का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों में छात्राओं की भागीदारी बढ़ाना आवश्यक है, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिल सकें।

उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष हिमाचल प्रदेश के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर 48 पदक हासिल किए। विभाग का लक्ष्य पदकों की संख्या को पहले 60 और उसके बाद 100 तक पहुंचाना है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, खेल सुविधाएं और अनुकूल वातावरण उपलब्ध करवाने पर जोर दिया जा रहा है।

*विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शुभारंभ*

शिक्षा मंत्री ने धर्मपुर क्षेत्र में शैक्षणिक और खेल सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से विभिन्न विकास कार्यों का उद्घाटन और शुभारंभ किया। उन्होंने राजकीय उच्च पाठशाला बहरी में लगभग 40 लाख रुपये की लागत से निर्मित बैडमिंटन स्पोर्ट्स क्लब का उद्घाटन किया। इस क्लब में जिम की सुविधा भी उपलब्ध करवाई गई है, जिससे विद्यार्थियों को खेलों और शारीरिक फिटनेस के लिए बेहतर अवसर मिलेंगे।

उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर में 15 लाख रुपये की लागत से निर्मित बहुद्देशीय हॉल का उद्घाटन करने के साथ हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के पुस्तक वितरण, सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र तथा नवनिर्मित परीक्षा भवन का भी शुभारंभ किया।

धर्मपुर में स्कूल शिक्षा बोर्ड का पुस्तक वितरण, सूचना एवं मार्गदर्शन केंद्र खुलने से क्षेत्र के विद्यार्थियों, शिक्षकों और पुस्तक विक्रेताओं को सुविधा मिलेगी। इस केंद्र के माध्यम से विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकें उपलब्ध करवाने के साथ शिक्षा और परीक्षाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की जाएंगी। धर्मपुर में स्थापित यह बोर्ड का 25वां पुस्तक वितरण केंद्र है। इससे पहले क्षेत्र के विद्यार्थियों को पाठ्य-पुस्तकों के लिए भोरंज स्थित केंद्र पर निर्भर रहना पड़ता था।

केंद्र के माध्यम से पंजीकृत पुस्तक विक्रेताओं को पुस्तकों की आपूर्ति भी की जाएगी। इसके अतिरिक्त शिक्षकों को नवीनतम पाठ्यक्रम, आदर्श प्रश्नपत्रों, शैक्षणिक सुविधाओं और प्रशिक्षण संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रावधानों की जानकारी देकर इसके प्रभावी क्रियान्वयन में भी सहयोग किया जाएगा। इससे धर्मपुर क्षेत्र में शिक्षा से जुड़ी सुविधाएं अधिक सुलभ होंगी।

*खेल सुविधाओं के विकास के लिए धनराशि देने की घोषणा*

शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने राजकीय महाविद्यालय धर्मपुर में बहुद्देशीय हॉल के निर्माण के लिए दो करोड़ रुपये देने की घोषणा की। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सिद्धपुर के खेल मैदान के विकास के लिए 25 लाख रुपये उपलब्ध करवाने की घोषणा की। उन्होंने टिहरा और बनेरड़ी के खेल मैदानों के विकास के लिए भी चालू वित्त वर्ष में धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। प्रतियोगिता के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले प्रतिभागियों को प्रोत्साहित करने के लिए 15 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

उन्होंने कहा कि शिक्षा और खेल एक-दूसरे के पूरक हैं। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों को भी प्रोत्साहित करना जरूरी है। सरकार विद्यालयों और महाविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने के समान अवसर मिल सकें।

शिक्षा मंत्री ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी छात्रा खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेलों में जीत और हार से अधिक महत्वपूर्ण भागीदारी, मेहनत और खेल भावना है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ खेलों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने और प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

मंत्री जगत सिंह नेगी मण्डी जिला के दो दिवसीय प्रवास पर

मण्डी: हिमाचल प्रदेश के राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री जगत सिंह नेगी 22 और 23 अक्टूबर को मंडी जिला के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे। प्रवास के दौरान बागवानी मंत्री विभिन्न विकास परियोजनाओं के उद्घाटन व निरीक्षण करेंगे।
प्रवास कार्यक्रम के अनुसार जगत सिंह नेगी 22 अक्टूबर गुरुवार को सुबह पलहोटा में एच पी शिवा कलस्टर पलहोता-II में मोनो रेल का विधिवत उद्घाटन करेंगे। इसके उपरांत वे गोहर के उद्यान विस्तार केंद्र बाड़ू में नवनिर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवन तथा फल संतति और प्रदर्शनी बाग़ मधान में नवनिर्मित उद्यान प्रसार अधिकारी कार्यालय-सह-आवासीय भवनों का तथा पौध स्वास्थ्य केंद्र सुंदरनगर का भी उद्घाटन करेंगे।
 नेगी दोपहर बाद करसोग में नवनिर्मित सेब नर्सरी का निरीक्षण करेंगे। रात्रि ठहराव लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह करसोग में होगा।

प्रवास के दूसरे दिन, 23 अक्टूबर शुक्रवार को सुबह लगभग 11:00 बजे बागबानी मंत्री तत्तापानी में प्रस्तावित गर्म पानी स्नानागार व सामुदायिक भवन के निर्माण स्थल का मौके पर जाकर निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे तत्तापानी से शिमला के लिए प्रस्थान करेंगे ।

हिमाचल: राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने दशहरा उत्सव पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

शिमला: राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने दशहरा उत्सव के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई दी है।

राज्यपाल ने कहा कि दशहरा उत्सव बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह पर्व प्रदेशभर में हर्ष व उल्लास के साथ मनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दशहरा उत्सव पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह उत्सव सभी के जीवन में प्रसन्नता, शांति एवं खुशहाली लाएगा। उन्होंने कहा कि यह पर्व न केवल नैतिक मूल्यों और परम्पराओं को मजबूत करता है बल्कि यह संदेश भी देता है कि बुराई का अन्त हमेशा निश्चित होता है।

विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 21 अक्तूबर को बिलासपुर में

बिलासपुर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति सभापति विधायक संजय रत्न की अध्यक्षता में 21 अक्तूबर को बिलासपुर के एक दिवसीय प्रवास पर रहेगी।

इस बारे जानकारी देते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति, सभापति विधायक संजय रत्न की अध्यक्षता में बिलासपुर के प्रवास पर रहेगी। समिति के सदस्यों में विधायक डॉ. हंस राज, सतपाल सिंह सत्ती, इंद्र दत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल, संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, कुलदीप राठौर तथा विवेक शर्मा शामिल हैं।
इस दौरान समिति दोपहर 2 बजे बचत भवन में हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले विभागों तथा उनसे संबंधित लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों में उल्लेखित समस्त ऑडिट पैरों एवं गत तीन वित्तीय वर्षों के आय-व्यय प्राक्कलनों व किए गए कार्यों की भौतिक व वित्तीय उपलब्धियों की समीक्षा करेगी।

उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय व तिथि अनुसार बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए हैं।

राज्य चयन आयोग: फाइन आर्ट्स शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 82 उम्मीदवारों का चयन

पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण 36 पद रह गए खाली

हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में फाइन आर्ट्स के शिक्षकों 118 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26033 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।

आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 152 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 128 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 106 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। 24 सितंबर को दस्तावेजों की जांच के बाद 82 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण 36 पद खाली रह गए हैं। इनमें सामान्य वर्ग का एक, सामान्य ईडब्ल्यूएस वर्ग के 8, सामान्य (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) का एक, ओबीसी 10, ओबीसी बीपीएल 4, एससी 7, एससी बीपीएल 3, एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक और एसटी का एक पद शामिल हैं। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।

लाहौल में उदयपुर-तिंदी सड़क से चिनाब नदी किनारे गिरी कार, 3 लोगों की मौत, 4 घायल

हिमाचल: प्रदेश की लाहौल घाटी के उदयपुर-तिंदी मार्ग पर एक कार के चिनाब नदी किनारे गिरने से तीन लोगों की मौके पर पर मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घटना दोपहर बाद करीब 3:45 बजे पेश आई। जब कार मोड़ा-वीर मंदिर के पास कार अनियंत्रित होकर चिनाब नदी के किनारे जा पहुंची। हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसे के समय कार में सात लोग सवार थे। सभी लोग एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए तिंदी गए थे। बताया जा रहा है कि सलग्रां से बरात तिंदी गई थी और वापसी के दौरान जब वे सलग्रां की तरफ जा रहे थे तो मोड़ा-वीर मंदिर के पास यह हादसा पेश आया। घटना की जानकारी प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को दी और पुलिस टीम सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को खाई से बाहर निकालकर अस्पताल भेजा। उसके बाद मृतकों के शवों को भी खाई से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए उदयपुर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। दो गंभीर घायलों को क्षेत्रीय अस्पताल कुल्लू के लिए रेफर कर दिया है, जबकि डॉ. गौरव शर्मा ने बताया कि दो की भी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस अधीक्षक शिवानी मेहला ने बताया कि वाहन नंबर एचआर-03पी-3251 अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ है। हादसे में शिव कुमार पुत्र रूप सिंह निवासी सलग्रां(थनवानी), अजय पुत्र रूप सिंह निवासी सलग्रां (थनवानी) और कार्तिक पुत्र जारम चंद निवासी सलग्रां की मौत हो गई है। इसमें दो सगे भाई भी शामिल हैं। जबकि घायलों में रोहित पुत्र मदन लाल निवासी सलग्रां, पुष्पेंद्र (चालक) पुत्र अमरनाथ निवासी भुजुंड, समीर पुत्र राम किशन निवासी सलग्रां, विवेक पुत्र देवी सिंह सलग्रां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

वीरभद्र सिंह वीरभद्र सिंह की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम से कांग्रेस में गुटबाजी और अंतर्विरोध जगजाहिर – डॉ. बिंदल

शिमला: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने भाजपा प्रदेश मुख्यालय दीपकमल, चक्कर में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस के नेता पिछले चार वर्षों से भारतीय जनता पार्टी में गुटबाजी होने का आरोप लगाकर जनता का ध्यान अपनी सरकार की विफलताओं से भटकाने का प्रयास करते रहे हैं, लेकिन अब कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और अंतर्विरोध पूरी तरह जगजाहिर हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की बिल्ली थैले से बाहर आ चुकी है और मुख्यमंत्री को भाजपा पर टिप्पणी करने के बजाय अपना घर संभालना चाहिए।

डॉ. बिंदल ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह प्रदेश के अनेक बार मुख्यमंत्री रहे और उनका राजनीतिक योगदान किसी एक परिवार अथवा गुट तक सीमित नहीं था। ऐसे वरिष्ठ नेता की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष की अनुपस्थिति कांग्रेस के भीतर चल रहे राजनीतिक अंतर्विरोधों को उजागर करती है। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में चुनिंदा नेताओं की उपस्थिति और वरिष्ठ नेतृत्व की गैरमौजूदगी अपने आप में कई सवाल खड़े करती है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस की पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह द्वारा रोहड़ू के कार्यक्रम में वीरभद्र सिंह की तस्वीर नहीं लगाए जाने को लेकर की गई टिप्पणी भी महत्वपूर्ण है। प्रतिभा सिंह ने कहा था कि वीरभद्र सिंह की तस्वीर हटाकर उन्हें जनता के हृदय से दूर नहीं किया जा सकता। डॉ. बिंदल ने कहा कि यह केवल भावनात्मक टिप्पणी नहीं, बल्कि कांग्रेस के भीतर व्याप्त असंतोष और अंतर्विरोधों का स्पष्ट संकेत है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस में असंतोष कोई नई बात नहीं है। इसी राजनीतिक अंतर्विरोध के चलते कांग्रेस के छह वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा था। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के भीतर लगातार मतभेद सामने आते रहे हैं, लेकिन मुख्यमंत्री अपनी पार्टी की स्थिति पर जवाब देने के बजाय भाजपा पर निराधार टिप्पणियां करते हैं।

डॉ. बिंदल ने कहा, “भारतीय जनता पार्टी की मुट्ठी बंद थी, बंद है और बंद रहेगी। कांग्रेस अपने घर की चिंता करे। प्रदेश की जनता ने पिछले चार वर्षों में बहुत कष्ट झेले हैं और अब जनता आर-पार के मूड में है।” उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में कांग्रेस सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर जनता में व्यापक नाराजगी है।

संगठनात्मक गतिविधियों की जानकारी देते हुए डॉ. बिंदल ने बताया कि भाजपा प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा के नेतृत्व में आज पार्टी की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रदेश के लगभग 8,000 पोलिंग बूथों पर संगठन को मजबूत करने के अभियान में जुटी हुई है। प्रदेश के 171 मंडलों में 171 अनुभवी विस्तारक तैनात किए गए हैं, जो बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को सक्रिय और संगठित करने का कार्य कर रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रत्येक पोलिंग बूथ पर 50 से 75 कार्यकर्ताओं की सशक्त टीम तैयार करना है।

डॉ. बिंदल ने बताया कि प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा दस दिवसीय संगठनात्मक प्रवास पर निकल रहे हैं, जिसकी शुरुआत रामपुर से होगी और यह प्रवास जनजातीय क्षेत्रों से होते हुए भरमौर तक पहुंचेगा। वहीं नवनियुक्त प्रदेश सह प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद सुदर्शना सिंह का दूसरा संगठनात्मक प्रवास 25 से 29 अक्टूबर तक कांगड़ा जिले में प्रस्तावित है।

प्रेस वार्ता के आरंभ में डॉ. बिंदल ने दुर्गाष्टमी, महानवमी और विजयादशमी की प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए मां भगवती से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ प्रदेश के जनहित के मुद्दों को निरंतर उठाती रहेगी।

कुल्लू: भुंतर से लाहौल के लिए हवाई सेवा शुरू

शिमला: संजौली और रामपुर के बीच 21 अक्तूबर से शुरू होगी हेलीकॉप्टर सेवा

शिमला: प्रदेश सरकार के एक प्रवक्ता ने आज यहां बताया कि संजौली और रामपुर के बीच 21 अक्तूबर, 2026 से हेलीकॉप्टर सेवा शुरू की जाएगी। रामपुर से यह हेलीकॉप्टर सेवा रिकांगपिओ तक भी उपलब्ध होगी।
यह हेलीकॉप्टर सेवा सप्ताह में तीन दिन सोमवार, शुक्रवार और शनिवार को उपलब्ध होगी। संजौली से प्रस्थान का समय प्रातः 9ः55 बजे होगा और रामपुर में पहुंचने का समय 10ः30 बजे निर्धारित किया गया है। यह हेलीकॉप्टर उड़ान रामपुर से रिकांगपिओ के लिए प्रातः 10ः50 बजे चलेगी और रिकांगपिओ 11ः25 बजे पहुंचेगी। इसी प्रकार रिकांगपिओ से 11ः30 बजे रामपुर के लिए चलेगी और दोपहर 12ः05 पर रामपुर पहुंचेगी। रामपुर से संजौली के वापसी उड़ान दोपहर 12ः10 बजे होगी और दोपहर 12ः45 पर संजौली पंहुचेगी।
इस पहल का उद्देश्य हवाई संपर्क को सुदृढ़ करना तथा प्रदेश के दूरदराज और दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सुविधाजनक परिवहन सुविधा उपलब्ध करवाना है।
प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र के दौरे के दौरान स्थानीय लोगों से संवाद किया था। इस दौरान उन्होंने दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की आवागमन संबंधी कठिनाइयों को समझते हुए बेहतर संपर्क सुविधा की आवश्यकता महसूस की। स्थानीय लोगों की समस्याओं और परिवहन संबंधी जरूरतों को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री ने संजौली और रामपुर के बीच हेलीकॉप्टर सेवा शुरू करने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप पवन हंस लिमिटेड ने क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान के तहत शिमलादृरामपुर मार्ग पर हेलीकॉप्टर सेवाएं शुरू करने का अनुरोध किया है।
प्रवक्ता ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से रामपुर क्षेत्र के लोगों को शिमला पहुंचने के लिए परिवहन का एक वैकल्पिक साधन उपलब्ध होगा और यात्रा संबंधी कठिनाइयों में कमी आएगी। यह पहल दूरदराज के क्षेत्रों तक पहुंच को सुगम बनाने और क्षेत्रीय हवाई संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने बताया कि क्षेत्रीय संपर्क योजना उड़ान 5.0 के तहत शिमला, रामपुर, रिकांगपिओ, कुल्लू, मनाली, मंडी और चंडीगढ़ को जोड़ने वाले हवाई मार्ग हेरिटेज एविएशन और पवन हंस लिमिटेड को आवंटित किए गए हैं।
प्रवक्ता ने बताया कि हेरिटेज एविएशन द्वारा शिमला-रिकांगपिओ, शिमला-कुल्लू-शिमला तथा चंडीगढ़-मंडी वाया कुल्लू मार्गों पर क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत उड़ानों का संचालन किया जा रहा है। पवन हंस लिमिटेड द्वारा क्षेत्रीय संपर्क योजना के अंतर्गत शिमला (संजौली) और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह में तीन दिन हेलीकॉप्टर सेवा संचालित की जा रही है।
इसके अतिरिक्त, राज्य क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत सप्ताह में एक दिन अतिरिक्त उड़ान भी संचालित की जाती है। इस उड़ान के लिए राज्य सरकार द्वारा व्यवहार्यता अंतर वित्तपोषण (वीजीएफ) के तहत 100 प्रतिशत वित्तीय सहायता प्रदान की जाती है, जिस पर प्रतिवर्ष लगभग 35.70 लाख रुपये व्यय होते हैं। इन व्यवस्थाओं के माध्यम से शिमला और चंडीगढ़ के बीच सप्ताह के सभी सातों दिन हवाई संपर्क सुनिश्चित किया गया है।