


हिमाचल: प्रदेश में सीमेंट 15 रुपए महंगा हो गया है। जनवरी माह में भी सीमेंट के रेट में 10 रुपए की बढ़ौतरी हुई थी।

मुख्यमंत्री ने असम में किया धुआँधार प्रचार, कांग्रेस के लिए मांगे वोट
शिमला: मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज असम में कई जगहों पर कांग्रेस पार्टी के लिए धुआँधार प्रचार किया। उन्होंने असम की जलेश्वर और सेंगा विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे और कांग्रेस पार्टी को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य की जनता इस बार बदलाव चाहती है और पिछले दस वर्षों की भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों से परेशान हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम पर रहा और असम की संपदा को लूटा गया। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस सरकार बनने पर सभी भ्रष्टाचार मामलों की जांच करवाई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में असम विकास की दौड़ में पिछड़ गया है और राज्य की अर्थव्यवस्था पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ा है।
मुख्यमंत्री ने गायक जुबीन गर्ग की संदिग्ध मौत का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इस मामले में अब तक की कार्रवाई से असम की जनता संतुष्ट नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने के 100 दिनों के भीतर इस मामले में न्याय सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस को देशहित में काम करने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि भाजपा धर्म और जाति के आधार पर राजनीति करती है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पार्टी के घोषणा-पत्र का ज़िक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर असम में अपना व्यवसाय शुरू करने वाली प्रत्येक महिला को 50,000 रुपये की प्रारंभिक सहायता दी जाएगी। इसके साथ ही बुजुर्गों को हर महीने 1,250 रुपये की पेंशन प्रदान की जाएगी, जिसके लिए एक अलग विभाग का गठन किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि प्रत्येक परिवार को इलाज के लिए 25 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी असम की जनता से किए हर वादे को निभाएगी।

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने सांख्यिकी सहायक (पोस्ट कोड 25013) के 3 पदों को भरने के लिए 18 फरवरी को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 13 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 24 अप्रैल को सुबह 10 बजे आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी फोटो प्रतियों के दो-दो सैट और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे।
सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।

हमीरपुर: हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने कनिष्ठ अभियंता (सिविल) के 149 पदों को ट्रेनी आधार पर भरने के लिए 2 मई तक आनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि पोस्ट कोड – 26016 के तहत भरे जाने वाले इन पदों के लिए आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर लिंक 10 अप्रैल को सुबह 10 बजे से लेकर 2 मई रात 11:59 बजे तक खुला रहेगा।

धर्मशाला: क्षेत्रीय रोजगार अधिकारी अक्षय कुमार ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि 14 अप्रैल को हरोली उत्सव ज़िला ऊना में रोज़गार मेले का आयोजन किया जा रहा है जिसमें ल्यूमिनस पावर टेक्नोलाॅजीज प्राइवेट लिमिटेड, लिवगार्ड पावर तथा एनर्जी प्राइवेट लिमिटेड, स्विस गार्नियर प्राइवेट, नायसा मल्टीप्लास्ट इंडस्ट्री, स्टैनफोर्ड लैबोट्रीज़ प्राइवेट लिमिटेड, एनजीजी पावर टेक, सूरी पोलेक्स, सुरजीत एग्रो इंडस्ट्रिज़ भाग लेगी। इसके अलावा 15 से अधिक और उद्योग भी भी इस रोजगार मेले में हिस्सा लेंगे जिनके द्वारा 550 कुशल व अकुशल पद भरे जायेंगे।
उन्होंने बताया दसवी, बारवी, आईटीआई, बी.फार्मा, एम फार्मा, बीटेक, डिप्लोमा होज्डर, बीकाॅम, एमकाॅम, बीए, बीएससी, एमएससी पास बेरोजगार युवा इसमें भाग ले सकते हैं।
सभी आवेदक अपने साथ योग्यता प्रमाण पत्र, जन्म तिथि, आधार कार्ड, दो पासपोर्ट साइज़ फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र एवं अपना बायोडाटा की काॅपी व अनुभव प्रमाणपत्र यदि हो साथ लेकर 14 अप्रैल को प्रातः 10 बजे़ से रोरा ग्राऊड तहसील हरोली, जिला ऊना में साक्षात्कार हेतु उपस्थित हो सकते हैं। मेले में किसी भी प्रकार का पंजीकरण शुल्क नहीं रखा गया है। अधिक जानकारी के लिए 01975226063 पर संपर्क कर सकते हैं। इस साक्षात्कार हेतु आवेदकों को किसी भी प्रकार का यात्रा भत्ता व अन्य देय नहीं होगा।

रिकांगपिओ : राजस्व, बागवानी, जनजातीय विकास एवं जन शिकायत निवारण मंत्री श्री जगत सिंह नेगी 9 से 15 अप्रैल, 2026 को किन्नौर जिला के प्रवास पर रहेंगे। राजस्व मंत्री 9 अप्रैल, 2026 को वाया छोटा कम्बा से बन रहे वैकल्पिक संपर्क सडक का निरीक्षण करेंगे तथा भावानगर में निचार ब्लॉक के प्रभारियों एवं ग्राम कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे एवं जन-समस्याऐं सुनेंगे। इसके पश्चात् निगुलसरी में शहीद हवलदार रोहित नेगी स्मारक का शिलान्यास करेंगे।
कैबिनेट मंत्री 10 अप्रैल को पूह विकास खण्ड की मूरंग तहसील के मूरंग झूला में “सरकार गांव के द्वार” कार्यक्रम की अध्यक्षता करेगें। 11 अप्रैल, 2026 को पूह ब्लॉक के प्रभारियों एवं ग्राम कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इसके पश्चात् स्पीलो गांव के लिए संपर्क सडक का शुभारंभ करेंगे तथा स्पीलो बाजार में बने पार्किंग का उद्घाटन करेंगे।
कैबिनेट मंत्री 12 अप्रैल, 2026 को लोक निर्माण विश्राम गृह रिकांग पिओं में पूह ब्लॉक के प्रभारियों एवं ग्राम कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे तथा जन-समस्याऐं सुनेंगे।
बागवानी मंत्री 13 अप्रैल, 2026 को प्रातः 11 बजे आई0टी0डी0पी0 सम्मेलन कक्ष रिकांग पिओं में साडा की बैठक की अध्यक्षता करेंगे तथा दोपहर 02 बजे अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग करच्छम तथा कल्पा के अधिकारीयों एवं अधिशाषी अभियंता जल शक्ति विभाग रिकांगपिओ तथा पूह के अधिकारीयों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
श्री जगत सिंह नेगी 14 व 15 अप्रैल, 2026 को माननीय मुख्यमंत्री हिमाचल प्रदेश के किन्नौर प्रवास के दौरान उनके साथ रहेंगे।

रिकांगपिओ: मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ राकेश नेगी ने आज यहां बताया कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्ति उपचार, परामर्श एवं पुनर्वास सेवाएं क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ के कमरा नंबर 110 में आरंभ कर दी गई हैं।
उन्होंने बताया कि जनजातीय जिला किन्नौर में युवा पीढ़ी में बढ़ते मादक पदार्थों के सेवन से निजात दिलाने के लिए सूचना, शिक्षा एवं संचार प्रणाली के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग नशे के दुष्प्रभावों पर लोगों को जागरुक कर रहा है ताकि स्वस्थ समाज का निर्माण संभव हो सके।
डॉ राकेश नेगी ने बताया कि नशा मुक्ति उपचार एवं परामर्श केंद्र में मेडिकल ऑफिसर, स्टाफ नर्स व महिला काउंसलर की सेवाएं उपलब्ध होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्थानीय लोगों एवं अभिभावकों से आह्वान किया कि वे इस सुविधा का लाभ उठाएं और युवा पीढ़ी को सकारात्मक दिशा की ओर प्रेरित करें।

रिकांगपिओ: उपायुक्त किन्नौर डॉ अमित कुमार शर्मा ने आज यहां बताया कि सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम पूह उपमंडल की ग्राम पंचायत मूरंग के मूरंग झूला में 10 अप्रैल 2026 शुक्रवार को प्रातः 11:00 बजे आयोजित किया जाएगा। राजस्व मंत्री श्री जगत सिंह नेगी इस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से इस कार्यक्रम में अपनी शिकायतें विभिन्न विभागों के अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने का आह्वान किया ताकि उनकी समस्याओं का त्वरित निवारण संभव हो सके।
डॉ अमित कुमार शर्मा ने बताया कि इस कार्यक्रम के दौरान राज्य सरकार के विभागों के स्टाल भी लगाए जाएंगे ताकि ग्रामीण लोगों को वर्तमान प्रदेश सरकार की सर्वस्पर्शी योजनाओं की जानकारी मिल सके।

