ब्लॉग

हिमाचलः भाजपा नेत्री और नेता का अश्लील वीडियाे वायरल, पद से हटाए

सड़क सुरक्षा अभियान के तहत रचनात्मक वीडियो बना कर भेजने की तिथि 15 फरवरी निर्धारित

रिकांगपिओ : उपमण्डाधिकारी कल्पा अमित कलथाईक ने आज यहां बताया कि सडक सुरक्षा अभियान के तहत राज्य परिवहन निदेशालय सडक सुरक्षा फिल्म महोत्सव का आयोजन कर रहा है। इस अभियान के तहत सडक सुरक्षा थीम पर रचनात्मक लघु फिल्म व वीडियो आमजन द्वारा बना कर 15 फरवरी, 2026 तक राज्य परिवहन निदेशालय शिमला के ईमेल आईडी departmentoftransporthp@gmail.com पर भेजे जा सकते हैं या फिर ‌राज्य परिवहन निदेशालय ‌ कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से दिए जा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि सड़क सुरक्षा फिल्म महोत्सव में भाग लेने के लिए प्रतिभागी की आयु 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए और भाग लेने के लिए विडियो हिन्दी/अंग्रेजी की भाषा में होना चाहिए और इस वीडियो का थीम सड़क सुरक्षा के संदर्भ में होना चाहिए।

सुजानपुर: वायु सेना के लड़ाकू जहाजों से गूंजायमान होगा सुजानपुर का आसमां

10 मार्च को सूर्य किरण एरोबैटिक टीम (स्काट) दिखाएगी हैरतअंगेज करतब

डीसी गंधर्वा राठौड़ ने प्रशासनिक और सैनिक स्कूल के अधिकारियों के साथ की बैठक

सुजानपुर: भारतीय वायु सेना पहली बार हिमाचल प्रदेश में एक अदभुत एयर शो करने जा रही है और इस सिविल एयर डिसप्ले के लिए सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के मैदान को चुना गया है। 10 मार्च को होने वाले इस सिविल एयर डिसप्ले के लिए रक्षा मंत्री ने अनुमति प्रदान कर दी है। सुजानपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए यह एक अविस्मरणीय अनुभव होगा। क्योंकि, आम तौर पर वायु सेना के इस तरह के सिविल एयर डिसप्ले कुछ चुनिंदा स्थानों पर ही किए जाते हैं।

सिविल एयर डिसप्ले के लिए वायु सेना और सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के अलावा प्रदेश सरकार एवं जिला प्रशासन की ओर से किए जाने वाले आवश्यक प्रबंधों को लेकर उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां मिनी सचिवालय में जिला के अधिकारियों के साथ बैठक की, जिसमें सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। विधायक ने इस आयोजन के संबंध में कई महत्वपूर्ण सुझाव भी रखे।

उपायुक्त ने बताया कि वायु सेना के अधिकारियों ने सुजानपुर के चौगान तथा इसके आस-पास के क्षेत्रों का प्रारंभिक मुआयना कर लिया है और इस पूरे क्षेत्र को सिविल एयर डिसप्ले के लिए काफी उपयुक्त बताया है। यह शो होली के कुछ दिनों बाद ही 10 मार्च को करवाया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोग वायु सेना के जांबाजों के हैरतअंगेज करतबों का रोमांच अनुभव कर सकें।

गंधर्वा राठौड़ ने कहा कि इसका उद्देश्य आम लोगों को भारतीय वायु सेना की उपलब्धियों से अवगत करवाना तथा बच्चों को वायु सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करना है। इसलिए, इस शो में स्कूली बच्चों की अधिक से अधिक उपस्थिति होनी चाहिए। शो के सफल आयोजन के लिए प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक प्रबंध किए जाएंगे। उन्होंने सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य से इन सभी प्रबंधों का विवरण जिला प्रशासन को प्रेषित करने की अपील की।

इस अवसर पर सैनिक स्कूल की प्रधानाचार्य ग्रुप कैप्टन रचना जोशी ने बताया कि सिविल एयर डिसप्ले में वायु सेना के 11 लड़ाकू विमान भाग लेंगे और यह एक बहुत ही अदभुत शो होगा। उन्होंने जिला प्रशासन से इस शो के लिए सुजानपुर के साथ लगते हमीरपुर, जिला कांगड़ा और मंडी के क्षेत्रों के लोगों, विशेषकर बच्चों को भी आमंत्रित करने का आग्रह किया।

हमीरपुर: एक से 4 मार्च तक आयोजित होगा सुजानपुर का राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव

सुजानपुर : ऐतिहासिक नगरी सुजानपुर का चार दिवसीय राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव इस बार पहली मार्च से 4 मार्च तक आयोजित किया जाएगा। उत्सव की आयोजन समिति ने इसके लिए तैयारियां आरंभ कर दी हैं। उपायुक्त एवं राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव समिति की अध्यक्ष गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को यहां मिनी सचिवालय में जिला एवं उपमंडल स्तर के अधिकारियों के साथ बैठक करके उत्सव की तैयारियों की समीक्षा की। इस बैठक में सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि यह ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक उत्सव सुजानपुर की पहचान है। इस उत्सव को व्यापक स्वरूप दिया जाएगा और इसमें कई नई गतिविधियां शामिल की जाएंगी।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि मेले के सफल आयोजन के लिए एसडीएम सुजानपुर को मेला अधिकारी और डीएसपी को मेला पुलिस अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। इसके अलावा मेले के लिए सभी आवश्यक प्रबंध करने और विभिन्न गतिविधियों जैसे-सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रदर्शनियों, झांकियों, स्मारिका का प्रकाशन तथा खेलकूद प्रतियोगिताओं इत्यादि के संचालन के लिए अलग-अलग उपसमितियों का गठन कर दिया गया है।

उपायुक्त ने सभी उपसमितियों के प्रमुखों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने स्तर पर तैयारियां शुरू कर दें और फरवरी के दूसरे हफ्ते तक सभी प्रबंधों एवं गतिविधियों की रूपरेखा तय कर दें। सुजानपुर शहर, चौगान और इसके आस-पास के सभी क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, शौचालय एवं सफाई, अग्निशमन और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित मरम्मत कार्य अतिशीध्र पूरे होने चाहिए।

उपायुक्त ने बताया कि एक मार्च को परंपरा के अनुसार भव्य शोभा यात्रा और ऐतिहासिक मुरली मनोहर मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ मेले का शुभारंभ किया जाएगा। मेले के दौरान चौगान में विभिन्न विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों और संस्थाओं की प्रदर्शनियां लगाई जाएंगी। उपायुक्त ने इन प्रदर्शनियों के स्टॉल की डिमांड 10 फरवरी तक भेजने के निर्देश दिए। प्रदर्शनी स्टॉल का शुल्क 11 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। प्लॉट आवंटन, पार्किंग, कानून व्यवस्था, प्रतिभागियों एवं डयूटी पर तैनात अधिकारियों-कर्मचारियों के भोजन और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर भी बैठक में व्यापक चर्चा की गई।

इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम विकास शुक्ला, एसी टू डीसी चिराग शर्मा और अन्य अधिकारियों ने भी उत्सव की तैयारियों की जानकारी दी।

हमीरपुर: 10 फरवरी तक बसों के लिए बंद रहेगी चमियाणा-भरमाड़ सड़क

हमीरपुर : सुजानपुर उपमंडल के अंतर्गत चमियाणा-भरमाड़ सड़क की मरम्मत के कार्य के चलते इस सड़क पर बसों की आवाजाही 10 फरवरी तक बंद की गई है।

इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि चमियाणा-भरमाड़ सड़क के मरम्मत कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने तथा इसे अतिशीघ्र पूरा करने के लिए इस सड़क पर बसों की आवाजाही 10 फरवरी तक बंद की गई है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से सहयोग की अपील की है।

हमीरपुर: अघार में वन विभाग की लकड़ी की नीलामी 3 को

हमीरपुर : वन रेंज कार्यालय परिसर अघार और इसके निकटवर्ती विभागीय परिसरों भरेड़ी, नगरोटा, बडैहर, झिरालड़ी, सालन में रखी गई लकड़ी की नीलामी 3 फरवरी को सुबह साढे ग्यारह बजे वन रेंज कार्यालय अघार में निर्धारित की गई है। वन विभाग के उप अरण्यपाल कार्यालय हमीरपुर से प्राप्त जानकारी के अनुसार नीलामी में भाग लेने के इच्छुक लोगों को एक हजार रुपये की राशि जमा करवानी होगी। अधिक जानकारी के लिए वन रेंज कार्यालय अघार या उप अरण्यपाल कार्यालय हमीरपुर में संपर्क किया जा सकता है।

बिलासपुर: घुमारवीं में 1-5 फरवरी तक अंडर-19 (छात्रा) राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता, देश भर से 40 से अधिक टीमें लेंगी हिस्सा

अंडर-19 (छात्रा) राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता की तैयारियों का मंत्री राजेश धर्माणी ने लिया जायजा

घुमारवीं (बिलासपुर): नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज पीएम श्री राजकीय (छात्र) वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, घुमारवीं परिसर का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने आगामी 1 से 5 फरवरी तक आयोजित होने जा रही छात्राओं की अंडर-19 राष्ट्रीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के संबंध में खेल मैदान सहित अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया। घुमारवीं में आगामी 1 से 5 फरवरी तक आयोजित होने जा रही इस राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में देश भर के सभी राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की लगभग 40 टीमों की छात्रा खिलाड़ी भाग लेंगी।

निरीक्षण के दौरान तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने खेल मैदान, खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था, भोजन व्यवस्था, परिवहन, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं साफ-सफाई से जुड़ी व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि घुमारवीं में पहली बार राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। ऐसे में किसी भी स्तर पर व्यवस्थाओं में कमी नहीं रहनी चाहिए।

उन्होंने कहा कि इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए देश के विभिन्न राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से आने वाले खिलाड़ी हमारे मेहमान हैं। ऐसे में हम सभी का यह सामूहिक दायित्व है कि खिलाड़ी छात्राओं सहित आॅफिशियल को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के खाने-पीने, ठहरने, सुरक्षा और स्वास्थ्य से संबंधित सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध और उच्च गुणवत्ता के साथ सुनिश्चित की जानी चाहिए, ताकि यहां से जाने वाले बच्चे घुमारवीं और हिमाचल प्रदेश की एक सकारात्मक व यादगार छवि अपने साथ लेकर जाएं।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने करने के निर्देश देते हुए लोक निर्माण विभाग को खेल मैदान और आसपास के मार्गों की उचित मरम्मत एवं रखरखाव सुनिश्चित करने के को कहा। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग को प्रतियोगिता अवधि के दौरान एंबुलेंस, मेडिकल स्टाफ और प्राथमिक उपचार की समुचित व्यवस्था बनाए रखने के भी निर्देश दिये।

इस बीच राजेश धर्माणी ने पुलिस प्रशासन को सुरक्षा तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए। वहीं परिवहन विभाग को खिलाड़ियों और अधिकारियों के आवागमन के लिए पर्याप्त साधनों की व्यवस्था करने तथा नगर परिषद को समुचित साफ-सफाई बनाए रखने, कूड़ा प्रबंधन और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक विकास का माध्यम हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना और राष्ट्रीय एकता को भी मजबूत करते हैं। इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से स्थानीय युवाओं को भी प्रेरणा मिलती है और खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी विभागों के आपसी सहयोग एवं समन्वय से यह आयोजन पूरी तरह सफल रहेगा। उन्होंने आयोजक समिति, स्थानीय विद्यालय प्रशासन और स्थानीय लोगों से भी सहयोग की अपील की, ताकि इस राष्ट्रीय स्तर की खेलकूद प्रतियोगिता को ऐतिहासिक और यादगार बनाया जा सके।

बिलासपुर: कक्षा 9वीं और 11वीं में पार्श्व प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन 7 फरवरी को

बिलासपुर: पी.एम.श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा, जिला बिलासपुर में रिक्त स्थानों के सापेक्ष कक्षा नौवीं एवं ग्यारहवीं में पार्श्व प्रवेश ( Lateral Entry ) हेतु पार्श्व प्रवेश परीक्षा-2026 का आयोजन 7 फरवरी 2026 को निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर किया जाएगा।

परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थी अपने प्रवेश पत्र एवं रोल नंबर संबंधित वेबसाइट से डाउनलोड कर सकते हैं। कक्षा नौवीं के लिए अभ्यर्थी https://cbseitms.nic.in/2025/nvsix_9 तथा कक्षा ग्यारहवीं के लिए https://cbseitms.nic.in/2025/nvsxi_11 पर जाकर अपना रोल नंबर डाउनलोड कर सकते हैं।

यह जानकारी प्राचार्य, जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा राकेश कटोच ने दी।

उन्होंने बताया कि सी.बी.एस.ई. के निर्देशानुसार किसी भी अभ्यर्थी को बिना प्रवेश पत्र अथवा रोल नंबर के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। किसी असामान्य परिस्थिति में यदि प्रवेश पत्र डाउनलोड करने में कठिनाई आती है तो अभ्यर्थी पी.एम.श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा, जिला बिलासपुर के कार्यालय में संपर्क कर सकते हैं।

कक्षा नौवीं की पार्श्व प्रवेश परीक्षा का परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र), बिलासपुर निर्धारित किया गया है, जबकि कक्षा ग्यारहवीं की पार्श्व प्रवेश परीक्षा पी.एम.श्री जवाहर नवोदय विद्यालय कोठीपुरा में आयोजित की जाएगी।

बिलासपुर में उद्यान विभाग की वार्षिक कार्य योजना को मिली मंजूरी, बागवानी क्षेत्र के विकास पर 4 करोड़ 80 लाख का प्लान स्वीकृत

बिलासपुर: जिला मुख्यालय के बचत भवन में उद्यान विभाग द्वारा एकीकृत बागवानी विकास मिशन के अंतर्गत वर्ष 2026-27 के लिए वार्षिक कार्य योजना प्रस्तुत की गई। इस महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त बिलासपुर ओम कांत ठाकुर, उप निदेशक उद्यान विभाग प्रेम चंद ठाकुर, अग्रणी जिला प्रबंधक यूको बैंक चंद्रशेखर सहित जिला के प्रगतिशील किसान प्रेमलाल नड्डा, मीना कुमारी और नरेंद्र विशेष रूप से उपस्थित रहे।

बैठक के दौरान कमेटी ने जिला में बागवानी क्षेत्र के समग्र विकास हेतु 4 करोड़ 80 लाख रुपये की वार्षिक कार्य योजना को अपनी स्वीकृति प्रदान की।
उपायुक्त राहुल कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि उद्यान विभाग द्वारा पिछले वर्षों में निरंतर किसानों के कल्याण के लिए कार्य किया गया है। वर्ष 2024-25 और वर्ष 2025-26 के दौरान जिला के 300 से अधिक किसानों को विभाग के विभिन्न घटकों के माध्यम से लाभान्वित किया गया है। उन्होंने कहा कि आगामी वर्ष 2026 के लिए जिला बिलासपुर में कीवी और ड्रैगन फ्रूट के उत्पादन को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा। इसके लिए किसानों को जागरूक करने हेतु एक अलग कंपोनेंट रखा गया है, जिसके तहत बागवानों को 50 प्रतिशत तक सब्सिडी देने का प्रावधान किया गया है।
जिला में कृषि विविधीकरण पर जोर देते हुए उपायुक्त ने बताया कि मशरूम, फूलों और मसालों की खेती के साथ-साथ बुनियादी ढांचे के निर्माण पर भी ध्यान दिया जाएगा। खेतों में फार्म पोंड्स और टैंक बनाने के लिए किसानों को 50 प्रतिशत सब्सिडी के तहत लाभ दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, जिले में जैविक खेती को प्रोत्साहित करने के लिए वर्मी कंपोस्ट यूनिट और ऑर्गेनिक इनपुट प्रोडक्शन को बढ़ावा दिया जाएगा। आधुनिक बागवानी उपकरणों जैसे पावर टिलर और प्लांट प्रोटेक्शन इक्विपमेंट की खरीद पर भी किसानों को 50 प्रतिशत अनुदान मिलेगा। जिला में हाइब्रिड सब्जियों के उत्पादन के लिए भी 50 प्रतिशत सब्सिडी का लाभ किसानों तक पहुँचाया जाएगा।
उपायुक्त ने प्रशिक्षण और विस्तार गतिविधियों की जानकारी देते हुए बताया कि वार्षिक कार्य योजना के तहत जिला के लगभग 150 किसानों को विभिन्न बागवानी तकनीकों में प्रशिक्षित किया जाएगा। किसानों को प्रगतिशील बनाने और नई तकनीकों से रूबरू करवाने के लिए जिला में सेमिनार, कार्यशालाएं, प्रदर्शनियां, किसान मेले और हॉर्टिकल्चर शो आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने स्पष्ट किया कि मिशन फॉर इंटीग्रेटेड डेवलपमेंट ऑफ हॉर्टिकल्चर का मुख्य उद्देश्य फल, सब्जी, मशरूम और फूलों के क्षेत्र में रिसर्च, तकनीक प्रोत्साहन, पोस्ट-हार्वेस्टिंग मैनेजमेंट और मार्केटिंग को मजबूत करना है ताकि किसानों की आय में वृद्धि हो सके।

कुल्लू: सिपेट संस्थान बद्दी में रोजगारोन्मुखी पाठ्यक्रमों के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरू, 28 मई तक करें आवेदन

कुल्लू : संयुक्त निदेशक केन्द्रीय पेट्रो रसायन अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (सिपेट), बद्दी ने जानकारी दी है कि संस्थान द्वारा शैक्षणिक सत्र 2026 के लिए विभिन्न तकनीकी पाठ्यक्रमों में प्रवेश की घोषणा की गई है। भारत सरकार और हिमाचल प्रदेश शासन के संयुक्त प्रयास से संचालित यह संस्थान प्लास्टिक और पेट्रोकेमिकल इंजीनियरिंग के क्षेत्र में युवाओं को कुशल बनाकर उन्हें बेहतरीन रोजगार के अवसर प्रदान कर रहा है।

संस्थान द्वारा मुख्य रूप से तीन पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें 10वीं पास छात्रों के लिए ‘डिप्लोमा इन प्लास्टिक टेक्नोलॉजी’ (DPT) व ‘डिप्लोमा इन प्लास्टिक मोल्ड टेक्नोलॉजी’ (DPMT) और विज्ञान स्नातक (B.Sc.) युवाओं के लिए ‘पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा इन प्लास्टिक प्रोसेसिंग एंड टेस्टिंग’ (PGD-PPT) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, 12वीं विज्ञान या दो वर्षीय ITI उत्तीर्ण छात्र ‘लैटरल एंट्री’ के माध्यम से सीधे द्वितीय वर्ष में प्रवेश ले सकते हैं।

उन्होंने बताया कि यहां के 100 प्रतिशत छात्रों को औद्योगिक क्षेत्रों में रोजगार प्राप्त होता है। वर्तमान में यहाँ के विद्यार्थी डाबर, टीवीएस, ल्यूमैक्स और सबरोस जैसी देश की नामी बहुराष्ट्रीय कंपनियों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इंटर्नशिप और प्लेसमेंट के दौरान छात्रों को 18,000 रुपये से लेकर 35,000 रुपये तक का मासिक वेतन व स्टाइपेंड प्राप्त हो रहा है।

इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए ‘सिपेट प्रवेश परीक्षा’ (CAT-2026) का आयोजन किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी 28 मई 2026 तक अपना आवेदन जमा कर सकते हैं। प्रवेश परीक्षा 07 जून 2026 को आयोजित की जाएगी और सफल उम्मीदवारों के लिए नया शैक्षणिक सत्र 13 जुलाई 2026 से शुरू होगा। प्रवेश और पाठ्यक्रम से संबंधित किसी भी विस्तृत जानकारी के लिए इच्छुक छात्र या अभिभावक मोबाइल नंबर 9199554078 पर संपर्क कर सकते हैं।

बिलासपुर: नम्होल के पास निजी बस खाई में गिरी बस, चालक और परिचालक समेत 4 घायल

बिलासपुर: शिमला-धर्मशाला नेशनल हाईवे पर बिलासपुर जिले के नम्होल के समीप बुधवार देर रात एक निजी बस अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 10 फुट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया गया। हादसे के समय बस में चालक और परिचालक के अलावा तीन सवारियां मौजूद थीं। दुर्घटना के बाद मौके पर दो सवारियां मिलीं, जबकि एक सवारी मौके से चली गई। इस हादसे में चालक, परिचालक और दो सवारियों को चोटें आई हैं।

घायलों को उपचार के लिए एम्स अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया गया, जहां सभी की हालत सामान्य बताई जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ।  पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है । प्रारंभिक जांच के बाद ही दुर्घटना के सही कारणों का पता चल पाएगा ।

घायलों की पहचान :

नितिन ठाकुर (18 वर्ष), निवासी गांव बल्हारा पीर्थ, जिला मंडी

ऋषि (30 वर्ष), निवासी गांव कुसवार, जिला हमीरपुर

महेंद्र सिंह (58 वर्ष), बस चालक, निवासी गांव राजोल शाहपुर, जिला कांगड़ा

संजीवन सिंह (52 वर्ष), बस परिचालक, निवासी गांव भड़रेड, जिला कांगड़ा