प्रतिभा सिंह दो बार सांसद रहीं, अपनी उपलब्धियों का जिक्र करें तो अच्छा : जयराम ठाकुर

जयराम बोले:-वीरभद्र सिंह जी का हम भी सम्मान करते हैं, वो भरे मंच से मेरी भी तारीफ करते रहे 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से दुश्मन ही नहीं, कांग्रेस भी डरती है

नाचन:  प्रतिभा सिंह ने दो बार सांसद रहते हुए जो काम किए, अगर कांग्रेस उसका जिक्र करती तो आनंद आता। लेकिन कांग्रेसी नेता जिक्र कर रहे हैं कि वीरभद्र सिंह जी इतने साल मुख्यमंत्री रहे। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह जी का हम भी सम्मान करते हैं। वो भरे मंच से मेरी भी तारीफ करते रहे। लेकिन प्रतिभा सिंह की बतौर सांसद उपलब्धियों का जिक्र होता तो अच्छा रहता। हम भी केवल अपनी उपलब्धियों का जिक्र कर रहे हैं। ये बातें मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने नाचन के बग्गी और कनैड में आयोजित जनसभा के दौरान कहीं।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा, “ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को लोग कारगिल हीरो के नाम से भी जानते हैं। इन्हें जो भी जिम्मेदारी मिली, इन्होंने उसे पूरा किया। उन्हें टाइगर हिल पर दुश्मनों को खदेड़ने की जिम्मेदारी मिली और जब वहां विजय मिली तो तिरंगा झंडा खुशाल ठाकुर के हाथ में था। आज कांग्रेस कहती है कि सेना के पूर्व अधिकारी को राजनीति में नहीं आना चाहिए। मैं उनसे पूछना चाहिए कि संविधान में कहां यह कहा है कि पूर्व सैनिक चुनाव नहीं लड़ सकते। यही लोग कारगिल जैसे युद्ध को छोटी-मोटी घुसपैठ मानते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश को मजबूत प्रधानमंत्री के रूप में नरेंद्र भाई मोदी जी मिले हैं। इनके नाम से दुश्मन ही नहीं, कांग्रेस के लोग भी डरते हैं। कांग्रेसी उनका नाम सुन-सुन कर परेशान हो गए हैं। यह नाम उनको 2024 और 2030 के बाद भी सुनना पड़ेगा।

‘कांग्रेस का ‘बेजा’ ही खत्म हो गया’

उन्होंने कहा इस देश में ऐसे भी प्रधानमंत्री रहे जब वो देश से बाहर जाते थे तब उनकी कोई जानकारी नहीं होती थी। जब वो देश के अंदर होते थे, तब भी उनकी कोई खबर नहीं होती थी। ऐसा इसलिए होता था क्योंकि प्रधानमंत्री तो वो होते थे, लेकिन उन्हें चलाता कोई और था। आज नरेंद्र भाई मोदी की छवि विश्व नेता के रूप में बनी है। आज वक्त उन्हें और मजबूत करने का है। इसलिए छोटी काशी से बड़ी काशी के लिए ये संदेश जाना चाहिए कि हम उनके साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज देश में कांग्रेस कहीं नहीं बची है। पहाड़ी भाषा में बोलते हैं कि ‘बेजा ही खत्म हो गया, अभी जो प्रदेश में थोड़ा बहुत बचा है ओ भी मुक जाणा।’

सीएम ने कहा, हिमाचल सरकार का चार साल का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। कांग्रेसी कहते हैं कि बस एक साल बचा है। उन्हें बताना चाहता हूं कि अभी तो उसके बाद पांच साल और हैं। उनको पता नहीं कि जब एक बार सराजी नाटी चलती है तो वो चलती रहती है। अगर कांग्रेस के लोगों से देखा नहीं जा सकता तो साथ आ जाओ।

‘हर विधानसभा में हो रहे 300 से 400 करोड़ के काम’

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज हिमाचल की हर विधानसभा क्षेत्र में कहीं 300 करोड़ तो कहीं 400 करोड़ के विकास कार्य चल रहे हैं। कोरोना के बावजूद हमने हिमाचल में विकास को नहीं रुकने दिया। इतने बड़े संकट में हमने लोगों की जिंदगी को बचाने का काम सबसे पहले किया और बाकी काम बाद में किए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों को भी बताया।

हिमाचल में अगर सड़कों का जाल गांव-गांव तक पहुंचा तो उसके पीछे अटल जी की सोच थी। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से आज हर गांव सड़क सुविधा से जुड़ा है। मुख्यमंत्री ने लोगों से भाजपा प्रत्याशी ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को वोट देने की अपील की। उन्होंन कहा कि आप 30 को भारी संख्या में वोट करने जाएं और खुशाल ठाकुर को भारी मतों से विजयी बनाकर दिल्ली भेजें।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि 2014 में पंडित रामस्वरूप शर्मा का नाम उन्होंने ही आगे बढ़ाया था। तब पार्टी ने कहा था कि चुनाव जिताने की जिम्मेदारी आपको लेनी होगी। जब रामस्वरूप शर्मा को टिकट दिया गया तो सेरी मंच से कांग्रेसी पटाखे फोड़ने लगे कि हम चार लाख के मार्जन से जीतेंगे। उन्हें लगा कि चुनौती ही खत्म हो गई। लेकिन फिर जो हुआ, वो इतिहास में दर्ज है। वो पहली बार 2014 में सांसद बने और 2019 में मंडी के इतिहास में सबसे ज्यादा 4 लाख के अंतर से जीते। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब लोगों ने तय कर लिया है कि ब्रिगेडियर खुशाल ठाकुर को जिताकर दिल्ली भेजना है।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *