हिमाचल: प्रदेश विधानसभा शीतकालीन सत्र का पहला दिन….

धर्मशाला : प्रदेश विधानसभा शीतसत्र के पहले दिन की कार्यवाही की शुरुआत चंबा के पूर्व विधायक दिवंगत बीके चौहान पर शोकोद्गार वक्तव्य से हुई। उसके बाद विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने प्रश्नकाल की घोषणा की।

नूरपुर के भाजपा विधायक रणबीर सिंह निक्का ने ध्यानाकर्षण प्रस्ताव लाते हुए फोरलेन बनने से खज्जियां में गोसदन बंद होने का मामला उठाया।

पशुपालन एवं कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने कहा है कि खज्जियां के पास बची 48 कनाल भूमि पर गौसदन एवं पशु चिकित्सालय के संचालन की फिर से व्यवस्था की जा सकती है। 

कांग्रेस विधायक चैतन्य शर्मा ने नवीकरणीय ऊर्जा पर नियम 63 के तहत अल्पकालीन चर्चा लाई।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू इस चर्चा पर जवाब देते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि जबसे सरकार बनी है, तबसे इस पर काम हो रहा है कि हिमाचल प्रदेश आत्मनिर्भर कैसे बने। आत्मनिर्भर हिमाचल प्रदेश को बनाने के लिए पनबिजली और ऊर्जा के क्षेत्र में काम किया जा रहा है। पिछली भाजपा सरकार ने अपनी परियोजनाएं एसजेवीएनएल को दे दीं। उन्हें परियोजनाएं दे दीं, पर इससे हिमाचल प्रदेश के हितों की अनदेखी होती रहीं। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की कुल क्षमता 24,567 मेगावाट की है। सुक्खू ने कहा कि हिमाचल चार साल में आत्मनिर्भर होगा।

सत्र के पहले दिन प्रश्नकाल के दौरान भाजपा विधायक विनोद कुमार ने स्कूलों की अभी तक मरम्मत नहीं होने का मामला उठाया।

सदन को शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने अवगत करवाया कि प्रदेश के 1,057 स्कूलों को भारी बारिश से नुकसान हुआ। मानसून सीजन के दौरान आई प्राकृतिक आपदा के चलते स्कूल क्षतिग्रस्त होने से विभाग को 69.27 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। 51 स्कूल पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इन स्कूलों को ठीक करना विभाग की पहली प्राथमिकता है। स्कूलों की मरम्मत के लिए पैसा जल्द जारी किया जाएगा। वित्त विभाग से और बजट लेने के प्रयास भी जारी है।

विधानसभा उपाध्यक्ष के चुनाव का दोनों ओर से प्रस्ताव रखा गया

सदन में विधानसभा उपाध्यक्ष के चुनाव का दोनों ओर से प्रस्ताव रखा गया और एक ही नाम विनय कुमार पर सबने सहमति जताई।

मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार के दो नए कैबिनेट मंत्रियों का सभी सदस्यों से कराया परिचय; बोले – दोनों मंत्रियों को जल्द ही विभाग आवंटित किए जाएंगे

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को विधानसभा सदन में राज्य सरकार के दो नए कैबिनेट मंत्रियों राजेश धर्माणी और यादवेंद्र गोमा का सभी सदस्यों से परिचय कराया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों मंत्रियों को जल्द ही विभाग आवंटित किए जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed