राठौर ने जयराम ठाकुर पर साधा निशाना, बोले: मुख्यमंत्री अपने जिला में ही घिर कर रह गए हैं

पांवटा साहिब : प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने मुख्यमंत्री सहित भाजपा पर जमकर निशाना साधा। बुधवार को पांवटा साहिब में जिला सिरमौर कांग्रेस ओ.बी.सी. विभाग का कार्यकर्ता सम्मेलन में बतौर मुख्यातिथि उनहोंने शिरकत की। सम्मेलन के जरिये उन्होंने शिमला सीट से पार्टी प्रत्याशी कर्नल धनीराम शांडिल को अधिक से अधिक मतों से जिताने की अपील की।

तो वहीं इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कांग्रेस की गुटबाजी पर पूछे सवाल पर कहा कि आज पूरी कांग्रेस संगठन के रूप में इकट्ठी है। हमारा पूरा नेतृत्व एक ही मंच पर इकट्ठा है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश की चारों सीटों पर कांग्रेस जीत दर्ज करेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि आज मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर मंडी संसदीय सीट पर एक चक्रव्यूह में फंस गए हैं। जिस तरह से पंडित सुखराम की पार्टी में वापसी हुई, उससे संगठन मजूबत हुआ है। आश्रय शर्मा वहां से चुनाव लड़ रहे हैं जबकि अनिल शर्मा ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दिया है। लिहाजा मुख्यमंत्री अपने जिला में ही घिर कर रह गए हैं।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस की एकजुटता से बीजेपी के प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर परेशान हैं और सत्ती तो उलटी-सीधी ब्यानबाजी पर उतर आए हैं। यही कारण है कि सतपाल सत्ती प्रदेश में ऐसे पहले व एकमात्र नेता बन गए हैं, जिन पर चुनाव आयोग ने 48 घंटे का बैन लगाया। हैरानी इस बात की है कि मुख्यमंत्री भी सत्ती का समर्थन कर रहे हैं और कह रहे हैं कि सत्ती बेहद आक्रोश में हैं जबकि कांग्रेस को लगता है कि यह आक्रोश नहीं है बल्कि सामने दिख रही हार की हताशा है।

राठौर ने कहा कि पिछले डेढ़ वर्षों से प्रदेश की कानून व्यवस्था बुरी तरह से चरमरा गई है। शिमला दुष्कर्म मामले में राजधानी शर्मसार हुई है। प्रदेश सरकार के इतने कम समय में प्रदेश में करीब 365 से अधिक दुष्कर्म और एक हजार से अधिक महिला उत्पीड़न के मामले आ चुके हैं।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *