चांशल अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल के रूप में होगा विकसित, तो सीमा कॉलेज में लड़कियों को छात्रावास व कंडा में पशु औषधालय की घोषणा

  • खड़ापत्थर-टिक्कर तथा सरी-शीलघाट मुख्य ज़िला सड़कें घोषित

शिमला: शिमला ज़िला के रोहड़ू स्थित रामलीला मैदान में मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने आज एक विशाल जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र के मनोरम चांशल क्षेत्र को अंतरराष्ट्रीय पर्यटक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। सरकार इसके लिए पर्याप्त अधोसंरचना उपलब्ध करवाएगी ताकि अधिक संख्या में साहसिक एवं बर्फ खेल प्रेमियों को यहां आकर्षित किया जा सके।

जय राम ठाकुर ने कहा कि हालांकि रोहड़ू विधानसभा क्षेत्र राज्य की राजनीति का मुख्य केन्द्र रहा है परन्तु रोहड़ू के अधिकतर दूरदराज क्षेत्र आज भी विकास की दृष्टि से पिछड़े हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार लगभग 11 माह का कार्यकाल पूरा करने जा रही है और यह अवधि आम लोगों के कल्याण के लिए समर्पित रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियों व कार्यक्रमों में आम लोगों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। प्रदेश के लोग वर्तमान सरकार तथा पूर्व सरकार के कार्य के बीच अन्तर को महसूस कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने बिना किसी राजनीतिक भेदभाव से कार्य सुनिश्चित बनाए हैं और प्रदेश का समग्र व संतुलित विकास करना ही राज्य सरकार का ध्येय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समाज के प्रत्येक वर्ग के विकास के लिए अपने पहले बजट में 30 नई योजनाओं को आरम्भ करने की घोषणा की।

जय राम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं के लिए गृहिणी सुविधा योजना आरम्भ की गई है, जिसके तहत प्रत्येक परिवार को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आज तक इस योजना के अंतर्गत 35 हजार लोगों को निःशुल्क गैस कनेक्शन प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों का विकास सुनिश्चित बनाने के लिए भी विभिन्न योजनाएं आरम्भ की हैं।  मुख्यमंत्री ने खड़ापत्थर-शीलघाट-शरोंथा-टिक्कर-सरी-झड़ग-शीलघाट सड़कों को मुख्य ज़िला सड़कें बनाने की घोषणा की। उन्होंने सीमा कॉलेज में बहुद्देश्यीय सभागार, केंटीन तथा आधुनिक छात्रा छात्रावास, रोहड़ू में पार्किंग परिसर, सीमा-रतनाड़ी सड़क के स्तरोन्यन के लिए 20 लाख व क्षेत्र के विभिन्न सम्पर्क मार्गों के लिए 80 लाख रुपये की घोषणा की। उन्होंने कांडा में पशु औषधालय खोलने की भी घोषणा की। उन्होंने रतनाड़ी में सामुदायिक भवन के लिए 10 लाख रुपये की घोषणा की तथा  उन्होंने निर्माणाधीन सब्जी मंडी रोहड़ू के कार्य में तेजी लाने का भी आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व 10.30 करोड़ रुपये की लागत से समोली में 70 मीटर लम्बे पुल का लोकार्पण किया। उन्होंने 7.24 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीमा के प्रशासनिक खंड का भी लोकार्पण किया।  मुख्यमंत्री ने इसके बाद धमान्दर-ज्वाड़ी-मस्तोट, बाशला-अंतापु-सरीधार तथा कोफटू-कोराला-पैखाधार-बजशाल के लिए बनने वाली सड़कों का भूमि पूजन किया, जिनके निर्माण पर क्रमशः 5.19 करोड़, 4.25 करोड़ तथा 4.70 करोड़ रुपये व्यय होंगे।

आज प्रातः रोहड़ू पहुंचने पर मुख्यमंत्री ने रोहड़ू में भारी जनसमूह के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को भी सुना।

शिक्षा एवं संसदीय मामले मंत्री सुरेश भारद्वाज ने कहा कि प्रदेश सरकार का 10 माह का कार्यकाल उपलब्धियों भरा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों के कल्याण को सुनिश्चित बनाने के लिए सरकार ने अनेक योजनाएं आरम्भ की है। सांसद वीरेन्द्र कश्यप ने कहा कि केन्द्र व प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण तथा प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र के विकास के लिए आपसी समन्वय से कार्य कर रही है। विधायक एवं मुख्य सचेतक नरेन्द्र बरागटा ने कहा कि प्रदेश को जय राम ठाकुर के रूप में एक प्रगतिशील, परिश्रमी व ईमानदार मुख्यमंत्री मिला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर प्रदेश के लोगों की विकासात्मक जरूरतों व आकांक्षाओं से भली-भांति परिचित हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने लोगों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं आरम्भ की हैं जो सरकार की प्रदेश के समग्र विकास की वचनबद्धता को प्रदर्शित करती है।

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *