शिमला: भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती, भाजपा प्रदेश सचिव विजय पाल सुहारु, राज्य के वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर और मुख्यमंत्री के ओएसडी महेंद्र धर्माणी मंगलवार को भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियों को लाने दिल्ली गए हैं। उनकी अस्थियां प्रदेश की प्रमुख नदियों में बहाई जाएंगी।
हिमाचल के भाजपा संगठन और सरकार के प्रतिनिधियों को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बुधवार 22 अगस्त को सुबह 9 बजकर 30 मिनट पर भाजपा राष्ट्रीय कार्यालय नई दिल्ली में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां सौंपेंगे। प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की अस्थियां भाजपा प्रदेश कार्यालय में लाई जाएंगी और प्रदेश की प्रमुख नदियों जैसे सतलुज, ब्यास आदि में विसर्जित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि अटल ने भारत की सभी नदियों को जोड़ने की सोच रखी थी।