अर्थव्यवस्था की मजबूती में उद्योगों की भूमिका अहमः स्टोक्स

  • उद्योगपतियों को इंस्पेक्टरी राज से मुक्ति : स्टोक्स
  • पीएचडी चैंबर द्वारा आयोजित चार दिवसीय हिमालयन कंज्यूमर फेयर शुरू
  • इसी माह धर्मशाला में भी होगा आयोजन

शिमला: सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य मंत्री विद्या स्टोक्स ने कहा कि किसी भी प्रदेश की अर्थव्यवस्था में उद्योगों की भूमिका अहम् होती है। उद्योगों से न केवल रोजगार के अवसर पैदा होंगे बल्कि प्रदेश की अर्थव्यवस्था भी मजबूत होगी। स्टोक्स आज यहां पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा हिमाचल पर्यटन विभाग के सहयोग से आयोजित चौथे हिमालयन कंज्यूमर फेयर का उद्घाटन करने के उपरान्त हिमाचल व पड़ोसी राज्यों से आए हुए कारोबारियों को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि हिमाचल देश का पहला ऐसा राज्य है, जहां उद्योगों व उद्योगपतियों की सुविधा के लिए कई कल्याणकारी योजनाएं शुरू की गई हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार का हमेशा यह प्रयास रहा है कि उद्योगपतियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निवारण किया जा सके। विद्या स्टोक्स ने पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कामर्स के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि हिमालयन फेयर में पड़ोसी राज्यों के कारोबारियों के भाग लेने से न केवल हिमाचल प्रदेश के कारोबार के क्षेत्र में पड़ोसी राज्यों के साथ रिश्ते मजबूत होंगें, बल्कि सभी प्रदेशों के कारोबारियों को अपने उत्पाद एक. दूसरे राज्यों तक पहुंचाने का भी मौका मिलेगा।

इस अवसर पर पी.एच.डी. चैंबर के अध्यक्ष महेश गुप्ता ने कहा कि पी.एच.डी. चैंबर का हमेशा यह प्रयास रहता है कि कारोबारियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक ऐसा मंच प्रदान किया जाए, जहां वह अपने उत्पादों का बेहतर तरीके से प्रदर्शन कर सकें।

उन्होंने बताया कि इस समय पी.एच.डी. चैंबर के साथ डेढ हजार से अधिक कारोबारी सीधे तौर पर, तथा 45000 परोक्ष रूप से जुड़े हुए हैं। पी.एच.डी. द्वारा अपनी शाखाओं का देश के विभिन्न राज्यों में लगातार विस्तार किया जा रहा है। पी.एच.डी. चैम्बर द्वारा हर साल पंजाब में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो का आयोजन किया जाता है। पी.एच.डी. चैंबर ऑफ कामर्स के क्षेत्रीय निदेशक डॉ. प्रवीन राठी ने बताया कि चैंबर द्वारा शिमला में इस तरह के तीन आयोजन किए जा चुके हैं। हिमाचल में भी अब इस आयोजन का विस्तार किया जा रहा है, जिसके चलते इसी माह धर्मशाला में भी इस तरह का एक और आयोजन किया जा रहा है।

पी.एच.डी. चैंबर शिमला चैप्टर के चेयरमैन श्री ध्यान चंद तथा को-चेयरमैन आशीष बगरौडिय़ा ने कहा कि शिमला में देश विदेश से आने वाले पर्यटकों तथा स्थानीय लोगों एवं उद्योगपतियों की मांग को देखते हुए इस बार हिमालयन कंज्यूमर फेयर का विस्तार किया गया है। 12 जून तक चलने वाले हिमालयन फेयर में इस बार हिमाचल के अलावा राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली व हैदराबाद के कारोबारी अपने उत्पाद का प्रर्द्शन करेंगे।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *