विक्रमादित्य सिंह बोले- कांग्रेस पार्टी सत्ता में आते ही बहाल करेगी पेंशन

शिमला: हिमाचल में ओल्ड पेंशन को बहाल करवाने के लिए चारों लोकसभा क्षेत्रों में एनपीएस संघ क्रमिक अनशन पर बैठे  हैं। शिमला में क्रमिक अनशन का आज 29वां दिन है। इसी के तहत शनिवार को सीटीओ पर अनशन पर बैठे कर्मियों से मिलने कांग्रेस के विधायक विक्रमादित्य सिंह पहुंचे और कर्मियों के साथ धरने पर बैठे। उन्होंने कर्मचारियों को कांग्रेस के सत्ता में आते ही ओल्ड पेंशन बहाल करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही सबसे पहला काम कांग्रेस ओल्ड पेंशन बहाल करने का करेगी।

इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि एनपीएस संघ ओल्ड पेंशन बहाल करवाने को लेकर काफी समय से संघर्ष कर रहा  है। कर्मचारी कई बार मुख्यमंत्री से ओल्ड पेंशन को बहाल करने की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सरकार द्वारा अभी तक इस दिशा में कोई कार्य नहीं किया गया है। विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि कांग्रेस ने दलगत राजनीति से ऊपर उठकर ये फैसला लिया है कि कांग्रेस की सरकार बनते ही वे ओल्ड पेंशन बहाल करेंगे। उन्होंने कहा कि ओल्ड पेंशन बहाल करने से प्रदेश पर कोई आर्थिक बोझ नहीं बढ़ेगा। यह सब लोगों को भ्रमित करने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार खुद फिजूलखर्ची न कर वह पैसा कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित करने में लगा सकती है। कर्मचारियों के हित के लिए बजट खर्च करना भी पड़े तो उसमें कोई बुराई नहीं होनी चाहिए।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed