कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही लोगों की समस्याओं को किया अनसूना : स्मृति ईरानी

कांगड़ा: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने शुक्रवार को जिला कांगड़ा के चम्बी मैदान में आयोजित त्रिदेव सम्मेलन के दौरान कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब विपदा की घड़ी आई तो कांग्रेस ने जनता को गुमराह करने का काम किया। स्मृति ईरानी ने कहा कि देवभूमि हिमाचल में कांग्रेस ने कोई विकास कार्य नहीं किया। एम्स के साथ-साथ आईआईएम जैसी तमाम सुविधाएं जो कांग्रेस चाहती तो यहां की जनता को बहुत पहले मिल जाती लेकिन यह सब दिया देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने। इसके अलावा अटल टनल का तोफहा भी भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ही हिमाचल को दिया है। कांग्रेस पर तंज कसते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि हिमाचल में विकास कार्यों को न करवाने का रिवाज कांग्रेस का था, जिसे भाजपा ने तोड़ कर रख दिया है और प्रदेश में विकास कार्यों के साथ- साथ जनता की समस्या का समाधान केवल भाजपा ने किया है।

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस का एक खानदान ऐसा है जिसका यही पता नहीं होता कि वो दिल्ली में हैं या यूरोप और इटली में लेकिन इतना जरूर पता है कि जब-जब विपदा की घड़ी आई तब-तब इन्होंने देश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया। यहां तक वैक्सीन न लगाने के लिए लोगों को कहा गया। लेकिन अगर देश की जनता के साथ कोरोना काल की संकट की घड़ी में कोई खड़ा रहा तो वो थी भाजपा की सरकार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कोरोना की इस लड़ाई में जनता की खूब सेवा की।

केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि प्रदेश की जनता सब जानती है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हमेशा ही लोगों की समस्याओं को अनसूना किया है। जनता को गुमराह करने में कांग्रेस ने कोई कसर नहीं छोड़ी। लेकिन हिमाचल की जनता सब जानती है। उन्होंने दावा किया की इस बार हिमाचल में फिर से मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा की ही सरकार बनेगी, क्योंकि प्रदेश की जनता जानती है कि भाजपा ने हमेशा ही जनहित का ध्यान रखते हुए काम किया है।ऐसे में भारतीय जनता पार्टी एक और रिवाज तोड़ने जा रही है और वो है हिमाचल में भाजपा का मिशन रिपीट। स्मृति ईरानी ने कांग्रेस को चेतावनी देते हुए कहा कि इस बार हिमाचल प्रदेश में कमल का ही फुल खिलेगा और नया इतिहास रचा जाएगा।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed