कांग्रेस एकजुटता के साथ चुनावी रण में उतरकर बनाएगी सरकार : सुक्खू

सोलन: हिमाचल कांग्रेस में चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष एवं टिकट वितरण कमेटी सदस्य बनने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस और नादौन के विधायक सुखविंदर सिंह सुक्खू का आज प्रदेश के प्रवेश द्वार परवाणू में स्वागत किया गया। परवाणू के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू का स्वागत सोलन में कार्यकर्ताओं द्वारा किया गया। 

इस दौरान हिमाचल कांग्रेस चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस एकजुटता के साथ इस बार चुनावी रण में उतरकर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जयराम सरकार साढ़े चार सालों में सिर्फ लोगों की आवाज दबाने का काम करती नजर आई है। लेकिन कांग्रेस ने हमेशा से सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद करके जनता के मुद्दों को उठाया है। सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस में टिकट उसे मिलेगा जो साफ स्वच्छ छवि का होगा। उन्होंने कहा कि इस बार युवाओं को भी टिकट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति आम परिवार से राजनीति में सेवा के भाव से आना चाहता है उसको इस बार टिकट दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाईकमान ने इस बार कप्तान को जो जिम्मेवारी दी है उनकी टीम भी इस तरह से बनाई गई है, जिसमें सभी जाति क्षेत्र का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस बार व्यवस्था परिवर्तन के लिए सत्ता में आ रही है। सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस को सीएम चेहरे की जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में सब योग्य हैं और उन्हें सीएम चेहरे की जरूरत नहीं है,चुनाव सामूहिक नेतृत्व में लड़े जाएंगे।

सम्बंधित समाचार

Comments are closed