कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया का निधन, कांग्रेस और भाजपा के नेताओं ने जताया शोक

हिमाचल: जिला कांगड़ा के विधानसभा क्षेत्र फतेहपुर के कांग्रेस के विधायक सुजान सिंह पठानिया का गुरुवार देर रात निधन हो गया। 86 वर्षीय सुजान सिंह पिछले कई सालों से बीमार चल रहे थे। वे कई तरह की बीमारियों से ग्रस्त थे। उसके शरीर में ऑल्टी डिजीज हो गईं थी।

सुजान सिंह का चंडीगढ़ और लुधियाणा से इलाज चल रहा था। सुजान सिंह पठानिया प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के करीबी थे। वीरभद्र सरकार में वह दो बार मंत्री पद पर भी रहे हैं। 2019 के पूर्व कांग्रेस सरकार में वह ऊर्जा मंत्री थे।

सुजान सिंह का जन्म 22 सितंबर 1943 को लाहौर (पाकिस्तान) में हुआ था। वह 7 बार विधानसभा चुनाव जीतकर सदन पहुंचे थे। वह स्नातक थे और NAFRC (देहरादून) से वानिकी में प्रशिक्षित थे। वह भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के साथ जुड़े हुए थे। पठानिया ने अपनी जिंदगी में 11 बार विधानसभा चुनाव लड़ा। 7 बार जीते, 4 बार हार हुई थी। साल 2017 के विधानसभा चुनाव में जीत दर्ज कर वह 7वीं बार विधायक बने थे। सुजान सिंह पठानिया 1977, 1990, 1993, 2003 और नवंबर 2009 में (उपचुनाव) ज्वाली निर्वाचन क्षेत्र से विधायक चुने गए थे।

  •  कांग्रेस और भाजपा के दिग्गज नेताओं ने जताया शोक

नेता विपक्ष और ऊना के हरोली से कांग्रेस विधायक मुकेश अग्निहोत्री ने उनके निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन से प्रदेश को अपूर्णीय क्षति हुई है। सात बार हिमाचल विधानसभा पहुंचे पठानिया ने पार्टी और सरकार में कई ज़िम्मेवरियों का निर्वहन किया और प्रदेश वासी उन्हें हमेशा याद करेंगे। कांगड़ा कांग्रेस के अध्यक्ष अजय महाजन ने भी उनके निधन पर गहरा शोक जताया है।

  • मुख्यमंत्री ने कहा कि सुजान सिंह पठानिया एक ईमानदार और कर्तव्यनिष्ठ नेता थे, जो गरीबों और निम्न वर्ग के लोगों के कल्याण के प्रति सदा समर्पित रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश और विशेषकर जिला कांगड़ा के विकास में उनके योगदान को सदा याद रखा जाएगा। जय राम ठाकुर ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को इस अपूर्णीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने फतेहपुर से कांग्रेस के विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

  • कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने पार्टी के वरिष्ठ नेता पूर्व मंत्री फतेहपुर के विधायक सुजान सिंह पठानियां के निधन पर गहरा दुख प्रकट किया है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना भगवान से करते हुए शोक संतप्त परिवार को अपनी संवेदना व्यक्त की है।

कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर,महासचिव रजनीश किमटा, उपाध्यक्ष  गंगूराम मुसाफिर,कांग्रेस सचिव यशपाल तनाईक ,वेदप्रकाश ठाकुर,सेवादल अध्यक्ष अनुराग शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनव चंदेल,युवा कांग्रेस अध्यक्ष निगम भंडारी, कार्यकारी अध्यक्ष यदोपति ठाकुर,एनएसयूआई अध्यक्ष छतर सिंह ठाकुर,त्रिलोक भनुनी,सेनराम नेगी,भूपेंद्र कौशल,हेमराज शर्मा,रूपचंद,प्रभा वर्मा के अतिरिक्त प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के कर्मचारियों ने दिवंगत आत्मा की शांति की प्रार्थना करते हुए दो मिनट का मौन भी रखा।

  • भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल, शांता कुमार, केन्द्रीय वित्त एवं कारपोरेट राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर सहित सभी मंत्रियों, विधायकों ने फतेहपुर से कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।

जुब्बल-कोटखाई के पूर्व विधायक व पूर्व मुख्य संसदीय सचिव रोहित ठाकुर ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता, पूर्व मंत्री व फ़तेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुजान सिंह पठानिया  के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया हैं।

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *