देश में भ्रष्टाचार कांग्रेस व गांधी परिवार की जननी : अनुराग ठाकुर

  • पिछले 5 वर्षों के सुशासन के बल पर भाजपा फिर बनाएगी बहुमत की सरकार : अनुराग ठाकुर

हमीरपुर : हमीरपुर सांसद अनुराग ठाकुर को भारतीय जनता पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व ने उत्तर प्रदेश में पार्टी के पक्ष में प्रचार व मोदी सरकार के उपलब्धियों को जनता तक पहुँचाने की कमान सौंपी है। अपने एक दिवसीय दौरे पर उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले पहुँचे अनुराग ठाकुर ने भाजपा प्रत्याशी हरीश द्विवेदी के नामांकन समारोह में सम्मिलित होकर विशाल जनसभा को सम्बोधित किया।

जनसभा को सम्बोधित करते हुए अनुराग ठाकुर ने कहा आज से पाँच वर्ष पूर्व यूपीए के शासनकाल के दौरान भ्रष्टाचार और कांग्रेस की ग़लत नीतियों के कारण देश कराह रहा था। सुशासन का वादा कर केंद्र में आई मोदी सरकार ने एक पैसे का भ्रष्टाचार नहीं होने दिया और अपनी जनकल्याणकारी नीतियों से देश और जनता का चहमुखी विकास किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने पिछले 5 साल के सुशासन की बदौलत हम इस बार भी बहुमत की सरकार बनायेंगे। अब तक हुए 2 चरणों की वोटिंग में भारी मतदान और विपक्ष के ईवीएम का रोना साफ़ बताता है कि देश ने फिर एक बार मोदी सरकार का मन बना लिया है। सिर्फ़ उत्तरप्रदेश ही नहीं देश के सभी राज्यों में पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता में इन चुनावों को लेकर भारी उत्साह है।

अनुराग ठाकुर ने कहा आज़ादी के बाद से ही कांग्रेस पार्टी आकंठ भ्रष्टाचार में डूबी रही है। देश में जितने भी बड़े भ्रष्टाचार हुए उसकी जननी कांग्रेस व गांधी परिवार है। कांग्रेस ने 60 सालों तक देश को खूब जमकर लूटा है।कांग्रेस की सरकारों के तहत घोटालों की सूची इतनी लंबी है कि कभी खत्म नहीं होती। आत्महित और घोटाले कांग्रेस का हिस्सा बन गए थे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में सरकार ने भ्रष्टाचार और कालेधन के सारे रास्तों को बंद करने के लिए एक के बाद एक कई कानून बनाये और नोटबंदी, जीएसटी जैसा बड़ा फैसला लिया। सरकार ने अपने फैसलों से विकास कार्यो में भ्रष्टाचार को खत्म करने की दिशा में अहम काम किया है। इसका असर यह रहा कि पिछले चार सालों में मोदी सरकार के खिलाफ भ्रष्टाचार का एक भी आरोप नहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले चार सालों में आर्थिक व्यवस्था और सरकारी तंत्र में फैले भ्रष्टाचार, अनुशासनहीनता और संवेदनहीनता को खत्म करके एक सुशासन की व्यवस्था दी है, जो पिछली कांग्रेसी सरकारें करने में अक्षम थी।

 

 

सम्बंधित समाचार

अपने सुझाव दें

Your email address will not be published. Required fields are marked *