


हमीरपुर : जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में 17 फरवरी को सुबह साढे दस बजे मिनी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीन कंपनियां विभिन्न पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। इन पदों पर 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 52 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23 हजार रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
उन्होंने बताया कि श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड हमीरपुर सीनियर बीडीएम और बीडीएम के दो पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेगी। इन पदों के लिए स्नातक एवं एमबीए (मार्केटिंग) डिग्रीधारक भूतपूर्व सैनिक पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 20 से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अणु की प्राइवेट कंपनी मैसर्स विमांशु एलिवेटर एंड एस्क्लेटर में सेल्स मार्केटिंग के 6 पद, सर्विस एंड इंस्टॉलेशन इंजीनियर के 8 पद और महिला अकाउंटेंट के 2 पद भरे जाएंगे। सेल्स मार्केंटिंग के लिए बारहवीं पास तथा कम से कम एक वर्ष का अनुभव रखने वाले 25 से 40 वर्ष तक के पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 22 से 30 हजार रुपये तक मासिक वेतन मिलेगा। सर्विस एंड इंस्टॉलेशन इंजीनियर के लिए इलेक्ट्रिशियन या फीटर ट्रेड में आईटीआई डिप्लोमाधारक 20 से 40 वर्ष तक के पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित उम्मीदवारों को 15 से 25 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा। अकाउंटेंट के पदों के लिए स्नातक तथा दो वर्षों का अनुभव रखने वाली 25 से 40 वर्ष तक की महिलाएं पात्र होंगी। चयनित उम्मीदवारों को 20 से 28 हजार रुपये तक वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।

हमीरपुर : जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने जिला हमीरपुर की सभी दस गैस एजेंसियों के माध्यम से शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में गैस सिलेंडरों की आपूर्ति के लिए अलग-अलग रूट चार्ट एवं दिन निर्धारित किए हैं। इस संबंध में अधिसूचना जारी करते हुए जिलाधीश ने सभी गैस एजेंसियों के संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे अधिसूचित रूट चार्ट, दिन एवं समय के अनुसार लोगों को गैस सिलेंडर उपलब्ध करवाएं। सभी संचालक अपने-अपने क्षेत्रों के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम के बाहर रूट चार्ट प्रदर्शित करें।
अगर किसी क्षेत्र में निर्धारित दिन को किन्हीं कारणों से सिलेंडरों की आपूर्ति संभव न हो तो उसके बारे में उपभोक्ताओं को सूचित करें। गोदाम में सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक रखें तथा अन्य सभी नियमों की भी अक्षरशः अनुपालना सुनिश्चित करें। इनका उल्लंघन करने वाले गैस एजेंसी संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

हमीरपुर : एसडीएम कार्यालय हमीरपुर के लिए आई-5 डैस्कटॉप कंप्यूटरों और यूपीएस की आपूर्ति के लिए 25 फरवरी सुबह 11 बजे तक निविदाएं आमंत्रित की गई हैं। ये निविदाएं 25 फरवरी को ही सुबह साढे ग्यारह बजे खोल दी जाएंगी। एसडीएम संजीत सिंह ने बताया कि निविदा के नियमों एवं शर्तों के संबंध में अधिक जानकारी के लिए एसडीएम कार्यालय में संपर्क किया जा सकता है।

हमीरपुर : पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) हमीरपुर में पीएमईजीपी योजना के लाभार्थियों के लिए आयोजित दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सोमवार को संपन्न हो गया। इस शिविर में 23 लाभार्थियों ने भाग लेकर उद्यमिता के संबंध में कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल कीं। शिविर के समापन अवसर पर खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग शिमला के कार्यकारी एसओ सतिंदर खत्री मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।

कुल्लू : कर्नल गौतम निशांत, भर्ती निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय मंडी ने बताया कि अग्निपथ योजना के अंतर्गत अग्निवीरों की भर्ती वर्ष 2025-26 के लिए भर्ती रैली का आयोजन 22 से 30 मार्च 2026 तक ट्रेनिंग ग्राउंड, (3rd) थर्ड इंडिया रिजर्व बटालियन, पंडोह, जिला मंडी (हिमाचल प्रदेश) में किया जाएगा।
भर्ती निदेशक ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे भर्ती रैली से संबंधित जारी अधिसूचना के अनुसार सभी आवश्यक दस्तावेज अपने साथ लाना सुनिश्चित करें तथा निर्धारित भर्ती तिथि और समय के अनुसार समय पर रैली स्थल पर पहुंचें।

कुल्लू : जिला रोजगार अधिकारी कुल्लू विनोद कुमार ने जानकारी देते हुए सूचित किया कि कुल्लू कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ढालपुर में विभिन्न शैक्षणिक और गैर-शैक्षणिक पदों को भरने के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस भर्ती के लिए 19 फरवरी 2026 को प्रातः 10:30 बजे जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू में इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय कुल्लू के दूरभाष नंबर 01902-222522 पर संपर्क कर सकते हैं।

शिमला : अपने विधानसभा कार्यालय में मीडिया से बात करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि इस सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सुक्खू सरकार ने सभी व्यवस्थाओं और मर्यादाओं को तार-तार कर दिया है। बजट सत्र में ही बजट का पता नहीं है। कब क्या होना हैं? कुछ भी पता नहीं चल रहा है? हमेशा से यह परंपरा रही है कि राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव होता है, चर्चा होती है। लेकिन सब कुछ अपने-अपने हिसाब से चल रहा है। ऐसी स्थिति प्रदेश के इतिहास में पहले कभी नहीं आई थी कि सब कुछ अस्त-व्यस्त हो चुका है। सारा दोष केंद्र सरकार और पूर्व मुख्यमंत्री और पूर्व सरकारों पर थोपना चाहते हैं। जो की सही नहीं है। सरकार जनहित के बजाय पूरे यकीन के साथ झूठ बोलने और उसी झूठ पर टिके रहने में यकीन करती है।
शिमला से जारी बयान में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि जब से देश में नरेंद्र मोदी की सरकार आई है तब से हिमाचल प्रदेश को जितना सहयोग मिला है वह हिमाचल के इतिहास में कभी नहीं हुआ। यूपीए के दो कार्यकाल में हिमाचल को राजस्व घाटा अनुदान के रूप में मात्र 18 हज़ार करोड़ रुपए मिले थे। जबकि नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में हिमाचल प्रदेश को राजस्व घाटा अनुदान के रूप में ही 78 हज़ार करोड़ रुपए मिले। सबसे बड़ी बात यह है कि हिमाचल सर्वाधिक आरडीजी पाने वाले राज्यों में शामिल रहा। पीएम बनते ही नरेंद्र मोदी ने हिमाचल को विशेष राज्य का दर्जा दिया। केंद्र प्रायोजित स्कीम में हिमाचल के अंशदान को घटाकर 10% किया। जिसे मनमोहन सिंह की सरकार ने छीन लिया था। रेलवे से लेकर, नेशनल हाईवे, रेल, शिक्षा, स्वास्थ्य समेत सभी क्षेत्रों में हिमाचल को भरपूर सहयोग मिल रहा है बस राज्य सरकार राजनीति कर रही है। केंद्र सरकार की 191 योजनाएं देश में चल रही है। जिसका भरपूर लाभ राजनीति से उठकर हिमाचल ले सकता है। ग्रांट इन ऐड के तौर पर मोदी सरकार में 1.42 लाख करोड़ और टैक्स शेयर के रूप में 60 हज़ार करोड़ रुपए मिले। यह धनराशि यूपीए के कार्यकाल से कई गुना अधिक है। इसलिए केंद्र सरकार पर सहयोग न करने का आरोप लगाना बेहद हास्यास्पद लगता है।
जयराम ठाकुर ने कहा कि वर्तमान सरकार ने वित्त आयोग के समक्ष हिमाचल का पक्ष मजबूती और तर्कपूर्ण रखने के बजाय सिर्फ राजनीति करती रही। हर जगह राजनीति से नहीं की जा सकती है। वित्त आयोग के समक्ष अपनी बात रखने के बजाय केंद्र सरकार के ख़िलाफ़ ही बयानबाजी में लगे रहे। जिन केंद्रीय फोरम पर हिमाचल का पक्ष रखना चाहिए, वहाँ राजनीति करके प्रदेश का ही नुक़सान किया जा रहा है। नीति आयोग की बैठक में भी सुक्खू सरकार ने राजनीति को हिमाचल के हितों के ऊपर रखा। जिसकी क़ीमत प्रदेश को चुकानी पड़ रही है। उन्होंने 15 वें वित्त आयोग के समय का हवाला दिया। उस समय हमने हिमाचल का ज़ोरदार पक्ष रखा। प्रधानमंत्री से भी मिले। दिल्ली तक गए। अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों से बात की। अपनी स्थिति बताई। कोविड का हवाला दिया। जिसके बाद हम हिमाचल के लिए बेहतर कर पाए। लेकिन यहाँ पूरी व्यवस्था ही खज्जल है। एक तरफ़ सरकार कहती है माली हालत ख़राब है दूसरी तरफ़ मित्रों की नित नई नियुक्तियाँ की जाती है। इंटरनेट भत्ता देने की चिट्ठी निकाली जाती है। वित्त सचिव कहते हैं कि सुविधाएं रोकनी पड़ेगी। सीएम कहते हैं सब ठीक हैं।
जयराम ठाकुर ने कहा कि यह सरकार तीन साल में 45 हज़ार करोड़ के लोन पर खड़ी है। हमारी सरकार का लोन पेआउट 95 प्रतिशत था। पहले दो साल का लोन पे आउट 130 प्रतिशत था। हमारी सरकार ने कोविड का दौर झेला। जो सरकार आपदा के समय प्रभावितों को तिरपाल भी नहीं दे पाई वह सरकार कोविड जैसी महामारी से उपजी भयावह परिस्थिति की कल्पना भी नहीं कर सकती हैं। प्रदेश के लोगों के लिए नई योजनाएं बनाने के बजाय बंद करने में ही सारा ध्यान लगा दिया। हजारों की संख्या में संस्थान बंद करने और प्रदेश के 75 लाख लोगों को हर जगह से परेशान करने पर लगी रही। यह सरकार मरीजों को इलाज तक नहीं दे पा रही है। पूरी तरह से अशक्त लोगों को सहारा पेंशन तक नहीं दे पा रही है। तीन साल से हिमाचल को 2027 में आत्म निर्भर और 2032 में सबसे समृद्ध बनाने की बात हो रही थी। फिर एक दिन आकर कहते हैं कि हम हिम केयर और शगुन का पैसा भी नहीं देंगे। क्या तीन साल तक सत्ता में रहने के बाद उन्हें प्रदेश के आर्थिक हालात की जानकारी नहीं थी। इस तरह से सरकार चलाकर प्रदेश का भला नहीं किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ओछी राजनीति छोड़े और प्रदेश के विकास के लिए एक नेता की तरह काम करें।

बिलासपुर: थल सेना में अग्निवीरों की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण आरंभ कर दिया गया है। इस बारे जानकारी देते हुए थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि अग्निवीर सामान्य डियूटी (जीडी), अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क एवं एसकेटी, अग्निवीर ट्रेड्समैन (8वीं-10वीं) और अग्निवीर महिला मिलिट्री पुलिस की भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण 01 अप्रैल तक किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि निर्धारित अवधि में ऑनलाइन आवेदन करने वाले उम्मीदवारों की पहले ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी और उसके बाद भर्ती रैली का आयोजन किया जाएगा। आवेदन के इच्छुक एवं पात्र युवा वेबसाइट – WWW.joinindianarmy.nic.in पर लॉग इन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण करवाने वाले उम्मीदवार का एक्टिव मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी होनी चाहिए तथा आधार नंबर नंबर से लिंक होने चाहिए।

